यू-ट्यूब से ट्रेनिंग लेकर, दो बदमाशों ने जैसे ही एटीएम तोड़ा, पुलिस ने धर लिया

Aug 14 2022

ग्वालियर। यू-ट्यूब से ट्रेनिंग लेकर दो बदमाशों ने एटीएम तोड़ डाला। अभी वह चेस्ट को तोडऩे का प्रयास कर ही रहे थे कि तभी पुलिस को सूचना मिली और पुलिस को देखते ही बदमाश भाग निकले। बदमाशों को पकडऩे के लिए रात्रि गश्त में निकले अफसर और जवान घेराबंदी में जुटे और डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। 
एएसपी सेन्ट्रल अभिनव चौकसे ने बताया कि बीती रात पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित यूनियन बैंक का एटीएम तोड़ रहे हैं। सूचना मिलते ही बहोड़ापुर एफआरवी 2, 24 व 41 को मौके पर पहुंचाया। एफआरवी जब मौके पर पहुंची तो पुलिस को देखकर दो युवक एटीएम से भाग निकले। एफआरवी जवानों ने अंदर देखा तो उनके पैरों तले जमीन निकल गई, क्योंकि बदमाशों ने एटीएम को पूरा तोड़ दिया था और आधा चेस्ट भी तोड़ दिया था। 
एटीएम तोडफ़ोड़ का पता चलते ही एएसआई पूरन सिंह गुर्जर, प्रधान आरक्षक मानपाल, एफआरवी दो में पदस्थ प्रमोद तोमर, एएसआई महावीर यादव, पायलट आलोक सिकरवार एफआरवी 41 पर तैनात भोला धाकड़, भूपेन्द्र धाकड़, प्वाइंट पर तैनात आरक्षक राजपाल गुर्जर, सैनिक शिवा, सोनू त्यागी, कोमल गुर्जर, महेन्द्र यादव, राजवीर रावत, धर्मेन्द्र, विनोद और तिघरा थाना प्रभारी सुरेश सिंह कुशवाह व अंकित शर्मा मौके पर पहुंचे और घेराबंदी की तो दोनों बदमाश गलियों से भागते हुए मधुर मिलन गार्डन के पास गली में होते हुए एक खेत में जाते दिखे। पुलिस ने खेत को चारों तरफ से घेर लिया और सर्चिंग के बाद दोनों बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ में अपने नाम सेजल पुत्र रहीश और दूसरे ने अपना नाम सोहिल पुत्र पप्पू खान निवासी मेवाती मोहल्ला बताया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है। 
पड़ताल में पता चला है कि शनिवार को ही एटीएम में रुपए भरे गए हंै, क्योंकि रविवार को छुट्टी थी तो ग्राहकों को परेशानी ना हो इसके लिए एटीएम प्रबंधन ने बीते रोज ही रुपए भरे थे। 
मामले का पता चलते ही बैंक प्रबंधन भी मौके पर पहुंच गया और मशीन की हालत देखकर उनके मुंह से इतना ही निकला कि रुपए कैसे बच गए, क्योंकि बदमाशों ने पूरी मशीन ही तोड़ दी।
एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि एटीएम तोड़ रहे दो बदमाशों को बहोड़ापुर थाना पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा है। पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ की जा रही है।