स्वतंत्रता दिवस को लेकर स्टेशन से लेकर रेल पटरियों तक आरपीएफ-जीआरपी तैनात

Aug 13 2022

ग्वालियर। पांच दिन पहले कर्नाटका एक्सप्रेस को बम से उड़ाने की धमकी भरे पत्र मिलने के साथ ही एपी एक्सप्रेस में आतंकवादी द्वारा सफर किए जाने की सूचना के बाद आगामी 15 अगस्त को लेकर आईबी द्वारा जारी किए गए अलर्ट को लेकर ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर भी सर्कुलेटिंग एरिया से लेकर सभी प्लेटफार्म ही नहीं बल्कि रेल ट्रैक तक पर सुरक्षा की दृष्टि से चप्पे-चप्पे पर जवानों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था आईबी से मिलने वाले आदेश तक जारी रहेगी। स्टेशन से लेकर रेल ट्रैक की सुरक्षा व्यवस्था के लिए आधा सैकड़ा जवानों के साथ बम डिस्पोजल व डॉग स्क्वाड को भी तैनात किया गया है।
आरपीएफ निरीक्षक संजय सिंह आर्या ने बताया कि पन्द्रह अगस्त को लेकर आईबी द्वारा जारी किए गए अलर्ट के बाद आरपीएफ व जीआरपी अफसरों व जवानों ने रातभर चेकिंग अभियान को गति देकर सभी प्लेटफार्म से लेकर रेल यार्ड तक गश्त की। साथ ही डॉग स्क्वाड प्रभारी ने संदिग्ध दिखाई दिए लोगों के सामान की जांच की। संतुष्ट होने पर संबंधित मुसाफिर का नाम, मोबाइल व यात्रा टिकट की पड़ताल करने के बाद जाने दिया। आर्या ने बताया कि स्टेशन पर सुरक्षा अभियान आगामी आदेश तक जारी रहेगा।
आर्या ने बताया कि राखी के साथ ही पन्द्रह अगस्त पर्व के चलते इन दिनों ट्रेनों में सफर करने वाले मुसाफिरों की संख्या डेढ़ गुना अधिक बढ़ गई है। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए स्टेशन की सुरक्षा को लेकर चार टीमें गठित की गई हंै। वहीं पन्द्रह अगस्त को देखते हुए सभी टीमें प्लेटफार्म से लेकर ट्रेनों तक में सघन चेकिंग अभियान को गति दे रही हैं। प्लेटफार्म पर रखे यात्रियों के सामान को भी खुलवा कर देखा जा रहा है।