बाइक पर निकले एसएसपी ट्रैफिक का जायजा लेने, इंदरगंज व शिंदे छावनी पर मिला जाम

Aug 10 2022

ग्वालियर। शहर की सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक के हालात जानने के लिए गत दिवस देर शाम को एसएसपी अमित सांघी खुद बाइक चलाकर सड़क पर निकले। सिटी सेंटर से लेकर लश्कर के अलग-अलग बाजारों में एसएसपी बाइक से घूमे। सबसे ज्यादा खराब हालात इंदरगंज चौराहा और शिंदे की छावनी पर मिले। यहां अवैध पार्किंग और सवारी वाहनों के बेतरतीबी खड़े होने से जाम के हालात बन रहे थे। यहां एसएसपी सांघी को जाम मिला। कई जगह तो एसएसपी को पुलिसकर्मी ही नहीं पहचान पाए।
गत दिवस देर शाम 8 बजे एसएसपी अमित सांघी सादा कपड़ों में हेलमेट लगाकर बाइक से निकले। अपने बंगले से निकलकर गांधी रोड होते हुए सबसे पहले बैजालात पहुंचे। बैजाताल पर असमाजिक तत्वों के खड़े होने की जानकारी मिल रही थी। यहां जब एसएसपी पहुंचे तो यहां सामान्य स्थिति मिली। इसके बाद वह नदीगेट होते हुए जयेंद्रगंज से इंदरगंज चौराहा पहुंचे। यहां जगह-जगह जाम के हालात मिले। आम लोगों के बीच से निकलकर एसएसपी सांघी ने वाहन चालकों की समस्या को जाना। यहां इंदरगंज पर जगह-जगह सवारी वाहन, अवैध पार्किंग की वजह से जाम था। 
फिर पाटनकर बाजार होते हुए महाराज बाड़ा पहुंचे। महाराज बाड़ा पुलिस चौकी पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें पहचान लिया। उनसे यहां की स्थिति जानी। यहां से सराफा बाजार पहुंचे। सराफा बाजार में पुलिस चौकी पर गाड़ी रोकी लेकिन उन्हें पुलिसकर्मी पहचान तक नहीं पाए। यहां जब जगह-जगह गाडिय़ां खड़ी मिली तो एसएसपी ने ट्रैफिक पुलिस और कोतवाली थाने के स्टाफ को यहां व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। यहां से जब राममंदिर, छप्परवाला पुल होते हुए वह शिंदे की छावनी पहुंचे तो सवारी वाहन बेतरतीबी खड़े दिखे और पूरी सड़क घेर रखी थी। इससे यहां जाम के हालात बन रहे थे। इसके बाद फूलबाग, पड़ाव होते हुए वह बंगले पहुंचे। एसएसपी सांघी के साथ उनका गनर भी था, लेकिन गनर भी दूसरी बाइक पर चल रहा था। उन्होंने अपने निकलने की सूचना किसी को भी नहीं दी थी।