टंकी के हनुमान पर यूथ हॉस्टल ग्वालियर ने कराई ट्रैकिंग

Aug 09 2022

ग्वालियर। यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ग्वालियर ने शहर से 5 किलोमीटर दूर सागरताल के पास स्थित टंकी के हनुमान की पहाडिय़ों पर शहरवासियों को 4 किलोमीटर की ट्रैकिंग करवाई। ऊंची नीची पहाडिय़ों के बीच से गुजरते हुए सभी सदस्य कभी उबड़ खाबड़ पत्थरों के ऊपर चलने को मजबूर हुए और कभी बबूल की झाडिय़ों के बीच से निकलने के लिए। लेकिन यह सब कठिनाइयां सुहाने मौसम के कारण किसी को भी महसूस नहीं हुई। ट्रैकिंग की शुरुआत शैलेंद्र माहौर, राम नारायण मिश्रा, जय देव गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर की। संस्था के उपाध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा के नेतृत्व में लगभग 50 सदस्यों ने जिसमें 70 साल के बुजुर्गों से लेकर 10 साल की बच्ची तक एवं महिलाओं ने भाग लिया।
सदस्यों के हाथ में लहराता हुआ तिरंगा ट्रेकिंग के माहौल को देशभक्ति से ओतप्रोत बना रहा था। एक ऊंची पहाड़ी के ऊपर सदस्यों ने चढ़कर देशभक्ति के जज्बे के साथ तिरंगा झंडा लहराया। लगभग 4 किलोमीटर का ट्रैक डेढ़ घंटे में पूरा कर सभी सदस्य वापस टंकी के हनुमान पर आए। यहां सभी ने मंदिर के दर्शन किए और अपना अपना परिचय प्रदान किया। इस अवसर पर संस्था के राम नारायण मिश्रा ने भविष्य के ट्रैकिंग कार्यक्रमों के विषय में जानकारी दी। कार्यक्रम में सुनील राय, सुनील सोनी, सतीश अग्रवाल, पवन गर्ग, देवेंद्र बांदिल, डॉ. थॉमस, देवेंद्र शर्मा, जितेंद्र गुर्जर आदि ने भाग लिया।