बिजली आउटसोर्स कर्मी निकालेंगे साईकिल रैली, विधानसभा के बाहर करेंगे प्रदर्शन

Aug 08 2022

ग्वालियर। मप्रमें श्रम प्रावधान अनुसार पाँच साल में आउटसोर्स कर्मियों का वेतन रिवाइज होना था, पर सात साल बाद भी इसे केन्द्र के आउटसोर्स कर्मियों के समान वेतन रिवाईज नहीं किये जाने से नाराज आउटसोर्स कर्मी प्रदेश भर में भिक्षावृत्ति माँगकर भीख से प्राप्त राशि जन प्रतिनिधियों को भेंट कर संदेश देंगे। साथ ही प्रदेश के प्रत्येक जिले से साईकिल व मोटर साईकिल तिरंगा यात्रा रैली के द्वारा भोपाल पहुँचकर विधानसभा का घेराव, धरना व प्रदर्शन करेंगे। यह जानकारी आउटसोर्स संगठन के संयोजक मनोज भार्गव ने दी।
बिजली आउटसोर्स महासम्मेलन की मंथन बैठक में बाह्य स्त्रोत, आउटसोर्स, विंध्य परिषद् सहित सभी संगठनों को मिलाकर बिजली आउटसोर्स संयुक्त संघ बनाये जाने का निर्णय लिया गया, जिसकी कोर कमेटी में दिनेश सिसोदिया, सतीश साहू, कमल दांगी, मनोज भार्गव, शिवनारायण राजपूत, अरूणेन्द्र मुकेश पाण्डेय, निखिल यादव, शेख सारिक, राजेश कुमार रजक एवं राहुल मालवीय को शामिल किया गया है। यह कमेटी आगामी आन्दोलन को लेकर रूपरेखा बनायेगी। बैठक में 25 जिलों के प्रतिनिधि प्रत्यक्षतौर पर और शेष जिलों के प्रतिनिधि ऑनलाईन जुड़े।
बैठक को संबोधित करते हुए मनोज भार्गव ने कहा कि सरकार करोड़ों रूपयों का प्लेन खरीदने से नहीं हिचकती, पर गरीब आउटसोर्स के वेतन रिवाइज को लेकर हिचक रही है। जैसे 1947 में अंग्रेजों की दासत्व प्रथा से भारत को मुक्त कराया गया, वैसे अब आजाद भारत व प्रदेश में चल रही ठेकेदारी की दासत्व प्रथा से लाखों आउटसोर्स कर्मियों को मुक्त कराना है, तभी सच्चे अर्थों में स्वाधीनता साकार होगी।