पत्रकारों ने राष्ट्रीय गौरव के साथ निकाली तिरंगा यात्रा

Aug 08 2022

ग्वालियर। मध्यप्रदेश पत्रकार संघ और ग्वालियर प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वाधान में राष्ट्रीय गौरव के साथ देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत भव्य विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। देश के किसी शहर में पत्रकारों की यह पहली तिरंगा यात्रा थी। तिरंगा यात्रा में सेकडों की संख्या में शहर के पत्रकार, साहित्यकार, मीडियाकर्मी, फोटो जर्नलिस्ट हाथों में थामे राष्ट्रध्वज लहराते हुए शामिल हुए। पत्रकारों की तिरंगा यात्रा में भारतमाता की जय, तिरंगा की आन बान शान ऊंची रहे, झण्डा ऊँचा रहे हमारा जैसे जोशीले नारे गूंजते रहे। 
तिरंगा यात्रा ग्वालियर प्रेस क्लब भवन से शुरू होकर फूलबाग, एमएलवी रोड, पड़ाव होते हुए वापस प्रेस क्लब पहुंची, जहां तिरंगा यात्रा का समापन हुआ। ग्वालियर प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेश शर्मा एवं मप्र पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र माथुर के संयोजन में तिरंगा यात्रा का शुभारंभ वरिष्ठ पत्रकार डॉ सुरेश सम्राट, राकेश अचल, बच्चन बिहारी, डॉ भगवान स्वरूप चैतन्य, पूर्व जनसंपर्क संयुक्त संचालक एससी अरोरा सहित सभी ज्येष्ठ-श्रेष्ठ पत्रकार एवं पत्रकार संगठनों के पदाधिकारीगण की उपस्थिति में हुआ। 
  कलम के सिपाहियों की यह तिरंगा यात्रा नगर के जिन जिन मार्गों से होकर गुजरी, वहाँ से गुजर रहे राहगीर भी स्वप्रेरणा से देशभक्ति के नारे लगाते हुए स्वयं इस काफिले में शामिल हो गए। दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों से निकलकर तिरंगा यात्रा में शामिल पत्रकारों का स्वागत व उत्साहवर्धन किया। इस तिरंगा यात्रा के दौरान हर तरफ देशभक्ति की भावना के साथ लहरा रहे तिरंगा के चलते फूलबाग, एमएलबी रोड, पड़ाव व मोतीमहल रोड का क्षेत्र राष्ट्रप्रेम के रंग से सराबोर हो गया। यात्रा के दौरान पत्रकारों ने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की समाधि पर नमन भी किया। 
   ग्वालियर प्रेस क्लब भवन पर नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल के विशेष आतिथ्य व वरिष्ठ पत्रकारगण की उपस्थिति में तिरंगा यात्रा का समापन समारोह हुआ। श्री कन्याल ने ग्वालियर में पत्रकारों द्वारा निकाली तिरंगा यात्रा को प्रेरणास्पद बताया। मध्यप्रदेश पत्रकार संघ संस्थापक ग्वालियर प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में इस तरह की तिरंगा यात्राए निकाली जाएंगी। कार्यक्रम के अंत में ग्वालियर प्रेस क्लब के सचिव सुरेश शर्मा ने सभी पत्रकारगण का आभार व्यक्त किया।