रक्षाबंधन के त्योहार पर सजा बाजार, लोगों ने जमकर की खरीदारी

Aug 08 2022

ग्वालियर। 11 अगस्त को रक्षाबंधन का त्यौहार है अब सिर्फ तीन दिन ही इस त्यौहार के लिए रह गए हैं। यही कारण है कि बाजारों में राखी की मांग बढ़ गई है। शहर के महाराज बाड़ा, दौलतगंज, सराफा बाजार, उपनगर ग्वालियर के किलागेट व मुरार के सदर बाजार में जगह-जगह राखी के बाजार सज गए हैं। बाजारों में राखी की रौनक आसानी से देखी जा सकती है। बाजारों में पहुंचने वाली ज्यादातर महिलाएं हैं। एक साल पहले तक जो राखियां 10 से 20 रुपए की मिल रही थीं वह अब 25 से 30 रुपए के बीच मिल रही हैं। इसके साथ ही सादा राखी की अपेक्षा डिजाइनर राखियों की मांग भी ज्यादा है। जैसे बच्चों के लिए कार्टून फीचर वाली राखियां बाजार में है तो बड़ों के लिए थीम बेस राखियां मार्केट में हैं।
रक्षाबंधन से पहले लोगों ने बाजार में जमकर खरीदारी की। रक्षाबंधन के त्योहार के चलते बाजारों में महिलाओं की भीड़ अधिक थी। राखी की दुकान से लेकर मिठाई और कपड़े व सोने चांदी की दुकानों पर लोग खरीदारी करने पहुंचे थे। बाड़े पर पैर रखने की जगह नहीं थी। नगरबाग मार्केट, सुभाष मार्केट, टोपी बाजार, दही मंडी, गांधी मार्केट और सराफा में पैदल चलना मुश्किल हो गया था। यही हालात दौलतगंज, मुरार और किलागेट में भी देखने को मिले हैं। बाजारों में उमड़ी भीड़ से व्यापारियों की दुकानदारी चल निकली। व्यापारियों ने त्योहर से पहले तैयारी कर रखी थी, कई तरह की राखी एवं अन्य सामान की वैरायटियां उपलब्ध थीं। राखी, कपड़ा, मिठाई व सौंदर्य प्रसाधन वाली दुकानों पर महिलाओं की भीड़ अधिक रही। सोने चांदी की दुकानों पर अच्छी खासी रौनक दिखाई दी।
बाजार में डिजाइनर राखियों की मांग ज्यादा
भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के अटूट बंधन का प्रतीक रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर घर ही नहीं बाजारों में भी विशेष तैयारी है। बाजारों में महिला और बच्चों के लिए कई डिजाइनर राखियां भी आई है। छोटे बच्चों के लिए भी डोरेमोन, छोटा भीम, मोटू-पतलू, आयरन मैन, स्पाइडर मैन जैसी डिजाइनर राखियां बाजार में मौजूद हैं तो वहीं बड़ों के लिए थीम बेस राखियां बाजार में हैं। बहनों ने भाई के लिए नए डिजाइन एवं फैंसी वैरायटी की राखियां खरीदीं। बहन को उपहार में देने के लिए साड़ी और गिफ्ट आइटम दुकानों पर भाइयों ने दिल खोलकर खरीदारी की। बाजार में फल, नारियल और मिठाइयों की दुकानों पर ग्राहकों का जमावड़ा लगा रहा।
बाजारों में भीड़ के चलते शहर की यातायात व्यवस्था अस्त व्यस्त रही। बाड़ा, सराफा, फालका बाजार, माधौगंज, किलागेट, और मुरार के बाजार में यातायात व्यवस्था पूरी तरह से गड़बड़ा गई। बाड़े पर दुकानों के अलावा फुटपाथ पर जमकर व्यापार हुआ। जिसके चलते वाहन रैंग-रैंग कर निकले। बाड़े पर चार पहिया वाहन व टैक्सी वाहनों को प्रतिबंधित किया गया था, लेकिन यहां दो पहिया वाहन भी जाम में फसे नजर आए।