रविवार सुबह से हो रही रिमझिम, जरा सी वर्षा से सडक़ें बनी तालाब

Aug 07 2022

ग्वालियर। रविवार सुबह से बारिश जारी है। रुक-रुक रिमझिम बारिश हो रही थी। कभी धीमी तो कभी तेज बारिश से कुछ ही समय में सडक़ें तालाब बन गई थी। दिन का तापमान एक दम नीचे आ गया। दोपहर 12 बजे तक 26 डिग्री सेल्सियस तापमान ही दर्ज किया गया। अचानक मौसम में आए बदलाव के कारण मौसम सुहाना हो गया।
रविवार, फ्रेंडशिप डे और रिमझिम बारिश के चलते शहर के लोग भी पिकनिक के मूड में नजर आए हैं। शहर के आसपास के पिकनिक स्पॉट तिघरा डैम, भदावना का झरना आदि पर काफी संख्या पर लोग पहुंचे।
मध्य प्रदेश में इंदौर, भोपाल, जबलपुर में बारिश हो रही थी, लेकिन चंबल अंचल काफी दिनों से अच्छी बारिश से अछूता था, लेकिन अगस्त के पहले सप्ताह के आखिर दिन में यह कमी भी पूरी हो गई। रविवार सुबह से रिमझिम बारिश का दौर जारी है। इससे पहले शनिवार को मौसम के तीन रूप देखने को मिले थे। सुबह धूप के साथ उमस भरी तेज गर्मी ने लोगों को बैचेन किया था दोपहर में अचानक बादल छाए और जमकर बरसे। एक घंटे में इस सीजन की सबसे ज्यादा 54.6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। उसके बाद रविवार से भी सुबह से बादल बरस रहे थें। 
जब बारिश नहीं हो रही थी तो नगर निगम व जिला प्रशासन काफी तैयारी कर रहा था ड्रेनेज सिस्टम का दावा किया जा रहा था, लेकिन शनिवार फिर रविवार सुबह से जारी बारिश के चलते सडक़ें पानी से लबालब हो गई हैं। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। वाहनों को सडक़ों पर भरे पानी के बीच से निकालना पड़ा है।
मौसम वैज्ञानिक वेदप्रकाश सिंह का कहना है कि ग्वालियर में अभी हल्की और मध्यम बारिश की ही उम्मीद है। हालांकि उड़ीसा के पास कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसका असर ग्वालियर-चंबल संभाग के कुछ जिलों में देखने को मिल रहा है। एक ट्रफ लाइन ग्वालियर से होकर भी निकल रही है। अगले 24 घंटे में फिर से हल्की एवं रिमझिम बारिश हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में उड़ीसा के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके चलते ग्वालियर-चंबल संभाग के कुछ जिलों में तेज बारिश हो रही है। ग्वालियर में रिमझिम बारिश का दौर एक दो दिन जारी रह सकता है। इस तरह का मौसम अभी बना रहेगा।