शोषित पीडि़त समाज की सेवा में हमेशा अग्रणी रहे स्व. शेजवलकर-महापौर

Aug 07 2022

ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद एवं पूर्व महापौर स्व. नारायण कृष्ण शेजवलकर काकाजी की 99वीं जयंती का मुख्य कार्यक्रम नगर निगम मुख्यालय में स्थित नारायण कृष्ण शेजवलकर की प्रतिमास्थल पर हुआ। रविवार को निगम मुख्यालय पर स्थापित स्व. नारायण कृष्ण शेजवलकर प्रतिमा पर शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
 सांसद विवेक नारायण शेजवलकर व नवनिर्वाचित महापौर डा शोभा सिकरवार, सभापति मनोज तोमर, कमल माखीजानी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारायण कृष्ण शेजवलकर को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें भजनों के माध्यम से भी स्वरांजली भी अर्पित की गई। 
पुष्पांजलि अर्पित करते हुए महापौर श्रीमती शोभा सतीश सिकरवार ने कहा कि स्वर्गीय नारायण कृष्ण शेजवलकर की 99वीं जयंती पर हम शत शत नमन करते हैं। स्व. शेजवलकर आदर्श स्वयंसेवक थे और शोषित पीडि़त समाज की सेवा करने में हमेशा अग्रसर रहे। उनका बहुआयामी व्यक्तित्व हम सबके लिए प्रेरणादाई रहेगा। वह राजनीति में सक्रिय रहे और दो बार सांसद रहे व राज्यसभा सदस्य के साथ साथ ग्वालियर के महापौर रहे। इस दौरान उन्होंने ग्वालियर के विकास की नई नीव रखी। उनका जीवन सादगी भरा रहा है। काकाजी के नाम से मशहूर स्व. शेजवलकर के बारे में अगर यह कहा जाए कि वह व्यक्ति निर्माण की संस्था थे, तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। हम अपनी ओर से विनम्र श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं।
सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि पूज्य पिताजी के आदर्शों पर ही अब तक चलने का प्रयास किया है। उनका मानना था कि राजनीति में जनसेवा और शुचिता ही लक्ष्य होना चाहिए। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी ने कहा कि नारायण कृष्ण शेजवलकर भाजपा से स्तंभों में से एक थे। उनमें देवतुल्य व विचारधार के लिए तन-मन-धन से समर्पित कार्यकर्ताओं को गढऩे का विशेष गुण था। आज अगर भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल नारायण शेजवलकर जैसे तपनोनिष्ठ नेताओं की अथक मेहनत का परिणाम है। 
नगर निगम द्वारा आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम के उपरांत निगमायुक्त  किशोर कन्याल ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा सभी से हर घर तिरंगा अभियान मैं सक्रिय भागीदारी की अपील की।
पुष्पांजलि सभा में सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, नगर निगम सभापति मनोज तोमर, कमल मखीजानी, कौशल शर्मा, मुन्ना लाल गोयल, ध्यानेंद्र सिंह, रामवरन सिंह गुर्जर, आशीष प्रताप सिंह सहित सभी पदाधिकारी गण, पार्षद गण एवं समाजसेवियों सहित बडी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिकगणों ने पुष्पांजलि अर्पित की।