सुबह से रिमझिम, बारिश से गिरा पारा

Aug 03 2022

ग्वालियर। सावन के महीने में गायब दिख रही बारिश की झमाझम का सूखा बीते रोज पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर रीवा से होते हुए ग्वालियर को टचकर सोनीपत तक गुजर रही ट्रफ लाइन को हवा का साथ मिला वैसे ही मंगलवार को हुई बारिश के बाद बुधवार सुबह से रुक-रुक हो रही रिमझिम बारिश ने अंचलवासियों को उमस भरी गर्मी से राहत दी, साथ ही आसमान में काली घटाओं के सुबह से ही डेरा डालने से मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून ट्रफ लाइन के हिमालय की तराई में चले जाने एवं किसी मौसम प्रणाली के सक्रिय नहीं रहने से अंचल में मानसूनी गतिविधियां आंशिक रूप से कमजोर देखने को मिल रही थीं। लेकिन बीते रोज अंचल को टच कर गुजर रही ट्रफ लाइन के एक्टिव होते ही बीते मंगलवार देर शाम को हुई एक इंच बारिश ने अंचलवासियों को उमस भरी गर्मी से पूरी तरह से राहत दिला दी। मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय ने बताया कि उत्तर भारत के रास्ते झारखण्ड के साथ पूर्वी मध्यप्रदेश के रास्ते अंचल में आया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो चुका है। सिस्टम को पर्याप्त मात्रा में मिल रही नमी के चलते अंचल में बारिश का दौर आगे पांच दिनों तक देखने को मिल सकता है।
मंगलवार को हुई 28.8 मिलीमीटर बारिश ने बीते पांच दिनों से लगातार बढ़ रहे न्यूनतम पारे की बढ़ती चाल पर ब्रेक लगा दिया। बीती शाम हुई बारिश ने अंचलवासियों को उमस भरी गर्मी व सूरज की तपिश से पूरी तरह से राहत दिला डाली। बुधवार सुबह से हो रही बूंदाबांदी के चलते आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहने से बादलों की ओट से सूर्य देवता बाहर नहीं निकलने से बुधवार सुबह से ही मौसम कूल-कूल दिख रहा है।