पुलिस ने शातिर नकबजन को लाखों के चोरी के सोने-चांदी के जेवरात सहित गिरफ्तार किया

Aug 01 2022

ग्वालियर। थाना गोले का मन्दिर में फरियादी उमाशंकर यादव निवासी हनुमान नगर गोला का मंदिर द्वारा रिपोर्ट की गई कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर में घुसकर चोरी कर ली गई थी। जिसमें उसके सोने-चांदी के जेवरात और एक मोबाइल फोन और नगदी अज्ञात चोर चोरी कर ले गये हैं। उक्त रिपोर्ट पर से थाना गोला का मंदिर पुलिस द्वारा अज्ञात चोर के विरूद्ध अपराध कायम कर विवेचना मे लिया गया। 
उक्त चोरी के प्रकरण में जांच के दौरान एएसपी अपराध राजेश दण्डोतिया को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त चोरी की घटना समय कॉलोनी के ही एक व्यक्ति को फरियादी के मकान के आसपास घूमते देखा गया है तथा उक्त संदेही पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम को संदेही की तस्दीक कर चोरी का खुलासा करने हेतु निर्देशित किया गया।
थाना प्रभारी गोले का मंदिर मिर्जा आसिफ वेग के नेतृत्व में पुलिस बल की एक टीम को मुखबिर की सूचना के आधार पर उक्त संदेही की पतारसी हेतु लगाया गया। थाना गोले का मंदिर पुलिस की टीम द्वारा घटना के तुरंत बाद ही लगातार संदेही की तलाश की गई। पुलिस टीम द्वारा उक्त संदेही को पकड़कर उससे पूछताछ करने पर उसने उक्त चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। 
पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये आरोपी से घटना में चोरी किये सोने-चांदी के आभूषण जिनमें चार सोने की चूड़ी, एक सोने का हार, एक सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने के कान के टॉप्स, एक जोड़ी सोने की झुमकी, एक सोने की नाक की नथ, तीन सोने की अंगूठी, दो जोड़ी चांदी की तोडिय़ां, एक जोड़ी चांदी की पायजेब, तीन जोड़ी चांदी की बीछिया, एक वीवो कंपनी का मोबाइल कुल कीमती लगभग 4 लाख रूपये का माल बरामद किया। 
पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये आरोपी को गिरफ्तार कर जिले में हुई अन्य चोरी व नकबजनी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।