ऑटो पार्टस कारोबारी के घर से लाखों की चोरी

Aug 01 2022

ग्वालियर। इंदरगंज थाना क्षेत्रअन्तर्गत हनुमान नगर में चोरों ने सोमवार अलसुबह एक  कारोबारी के घर पर धावा बोलते हुए घर में रखी लाखों रुपए की नगदी और सोने के जेवरों को पार कर लिया। जब परिवार के लोग घर पहुंचे तो घर का सामान बिखरा देख सभी दंग रह गए और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। लाखों की चोरी की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। 
सीएसपी इंदरगंज विजय सिंह भदौरिया से मिली जानकारी के अनुसार हनुमान नगर फालाका बाजार में रहने वाले राम खंडेलवाल के घर पर सोमवार सुबह साढ़े पांच और छ: बजे के बीच में अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए घर में रखे दो लाख रुपए नगद और आठ लाख रुपए के जेवर पार कर दिए। जिस समय घटना हुई उस समय राम खंडेलवाल परिवार के साथ अचलेश्वर महादेव मंदिर गए हुए थे। जब परिवार के लोग मंदिर से घर लौटे तो घर की हालत देख सभी हेरान रह गए। परिवार के लोगों ने पहले अपने स्तर पर आसपास पूछताछ की इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने भी चोरों की पतारशी के लिए प्रयास किए। 
लाखों की चोरी की सूचना पर एएसपी श्रीमती मृगाखी डेका भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची लेकिन चोरों का कोई सुराग पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस घर के आसपास लगे सीसीटीवी केमरों की मदद से चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरों की तलाश के प्रयास तेज कर दिए हैं।
फरियादी राम खंडेलवाल ऑटो पार्टस कारोबारी हैं और शिन्दे की छावनी में इनका प्रतिष्ठान है इसके अलावा परिवार के लोगों का अचलेश्वर मंदिर पर मिठाई का कारोबार भी है। फरियादी सोमवार होने के कारण सुबह-सुबह परिवार के साथ अचलेश्वर महादेव मंदिर गया था इसी बीच चोरों ने मौका ताककर सूने मकान पर धावा बोल दिया और बीच बाजार में इतनी बड़ी चोरी को अंजाम देकर मौके से रफूचकर हो गए।
एएसपी श्रीमती मृगाखी डेका ने बताया कि हनुमान नगर में ऑटो पार्टस कारोबारी के यहां सोमवार सुबह साढ़े पांच से छ: बजे के मध्य चोरी हुई है। एसएसएल टीम ने फिंगर प्रिंट ले लिए हैं। सीसीटीवी केमरे के माध्यम से चोरों की तलाश की जा रही है। अभी फरियादी सदमे में है इस कारण चोरी गए जेवर व नगदी का ठीक प्रकार से आंकलन नहीं कर पा रहा है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।