सावन के तीसरे सोमवार को मंदिरों में हर-हर महादेव की गूंज

Aug 01 2022

ग्वालियर। सावन के तीसरे सोमवार पर आज तड़के से ही मंदिरोंं में देवाधिदेव महादेव का अभिषेक शुरू हो गया। मंदिर हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयकारों से गुंजायमान हुए। रामकुई स्थित हजारेश्वर महादेव पर तीसरे सोमवार को सुबह से ही भक्तगण पहुंच गए। मंदिर के पट भक्तों के दर्शनों के लिए खोल दिये गए। नगर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से शिवभक्तों का अभिषेक करने का सिलसिला शुरू हो गया। शहर का चारों और वातावरण शिवमय हो गया है। श्रावण मास के तीसरे सोमवार को नगर के प्रमुख शिव मंदिर अचलेश्वर, कोटेश्वर, गुप्तेश्वर, भूतेश्वर, व मंगलेश्वर पर शिवभक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रदोषकाल में भगवान भोलेनाथ का अभिषेक व पूजा अर्चना करने के लिए अचलेश्वर महादेव पर श्रद्धालु उमड़ पड़े। लोगों की कतार लग गई। व्यवस्था बनाने के लिए प्रबंधन को प्रयास करने पड़े।
रामकुई का हजारेश्वर महादेव मंदिर प्राचीन मंदिर है और इसको लेकर श्रद्धालुओं की अस्था है। इसलिए श्रद्धालु हजारे महादेव पर सुबह से ही पहुंच गए और पूजा अर्चना शुरू कर दिया। सबसे अधिक महिला श्रद्धालुओं की संख्या थी। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रबंधन ने विशेष इंतजाम किए थे। मंदिर प्रबंधन में देवाधिदेव महादेव को जल, बेलपत्र अर्पित करने के लिए आने वाले भक्तों के दर्शनों के लिए इंतजाम किये गये हैं। अचलेश्वर मंदिर सहित अन्य मंदिरों के तीसरे सोमवार को पट तड़के तीन बजे से ही खोल दिए गए थे। रात 12 बजे पट बंद हुए। मंदिर में बैरीकेट्स लगाकर महिलाओं व पुरूषों के भोलेनाथ के दर्शन करने की व्यवस्था की गई थी। गर्भगृह में अफरा-तफरी नहीं मचे। इसके लिए गर्भगृह सेवादारों की तैनाती की गई थी।
शहर के अन्य मंदिरों पर भी तीसरे सोमवार को रुद्राभिषेक करने के लिए श्रद्धालु उमड़ पड़े। हर मंदिर पर प्रबंधन को भक्तों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष प्रयास करने पड़े।