हरियाली तीज पर गौरी की पूजा कर महिलाओं ने रखा व्रत

Jul 31 2022

ग्वालियर। मेहंदी लगे हाथों और खनकती चूडिय़ों ने रविवार को माहौल को संगीतमय बना दिया। सौभाग्यवती महिलाएं शिव गौरी की पूजा कर गाने गाते हुए पकवान बना रही हैं और सावन के गीत गाते हुए झूले झूलकर हरियाली तीज महोत्सव मना रही हैं। महिलाओं ने मंदिरों में पहुंचकर शिव गौरी की पूजा कर परिवार की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। 
हरियाली तीज पर विवाहित महिलाएं अपने मायके आती हैं और उन्हें ढेर सारे उपहार भी दिए जाते हैं, जिन्हें तीज का शगुन या सिजारा कहा जाता है जो महिलाएं नहीं आती हैं उन्हें सिजारा माता-पिता द्वारा भेजा जाता है। रविवार को हरियाली तीज पर महिलाएं सावन के गीत गाते हुए झूलों का आनंद ले रही हैं। शहर में भले ही झूले नहीं डाले जा रहे हों लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में झूले डालकर सावन के गीत गाते हुए महिलाएं हरियाली तीज मनाई। हरे-भरे परिधानों में सजी-धजी ये महिलाएं झूलों पर सावन के गीत गाकर इस महोत्सव को मना रही हैं।
हरियाली तीज पर आयोजित कार्यक्रम में हरे रंग के पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी महिलाओं ने ढोलक पर सावन के गीत गाए। विंडसर हिल निवासी प्रीति भार्गव और शालिनी जादौन ने बताया कि सबसे पहले लकी ड्रॉ निकाले गए। प्रतिभा और पूर्वा लकी ड्रॉ के विनर रहीं। सूरती गर्ग तीज क्वीन चुनी गईं। इस अवसर पर प्रीति यादव, गीता शिवानी, रंजना, अंकिता, अर्चना आदि उपस्थित थीं।
घेवर की बढ़ गई मांग
रविवार को हरियाली तीज पर घेवर की मांग बढ़ गई है। सुबह से ही घेवर की खरीदारी करने ग्राहक पहुंच रहे हैं। कहा जाता है कि अग्रवाल समाज के लोग इस दिन इस पर्व को मिठास के रूप में मनाते हंै और एक दूसरे के घर घेवर पहुंचाते हैं। दिनेश खंडेलवाल ने बताया कि उनके पास पहले से ही घेवर के ऑर्डर आ गए थे जो अब सप्लाई किए जा रहे हैं। 
आज तीसरे सोमवार को शिव-गणेश की पूजा का विशेष संयोग
सावन का तीसरा सोमवार 1 अगस्त को पड़ेगा। ज्योतिषाचार्य सुनील चोपड़ा ने बताया कि इस दिन शिव योग, रवि योग और गणेश चतुर्थी का विशेष संयोग बन रहा है। ऐसे में इस दिन भक्तों को भगवान शिव के साथ-साथ गणेश जी की कृपा भी प्राप्त होगी। इस दिन गणपति की पूजा और व्रत रखने से बाधाओं से मुक्ति मिल मिलेगी। सावन का चौथा और आखिरी सोमवार 8 अगस्त को पड़ेगा।