हरियाली अमावस्या पर अंकुर अभियान के तहत रोपे गए पौधे

Jul 28 2022

ग्वालियर। हरियाली अमावस्या पर अंकुर अभियान के तहत जिले भर में विभिन्न स्थानों पर सामूहिक रूप से पौधे रोपे गए। साथ ही व्यक्तिगत रूप से भी लोगों ने अपनी सुविधा व जगह के अनुसार पौधरोपण किया। अंकुर अभियान के तहत हुए इस वृक्षारोपण में जन अभियान परिषद ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी निभाई। 
जिले की जनपद पंचायत भितरवार के अंतर्गत जनअभियान परिषद की ग्राम विकास व नगर विकास प्रस्फुटन समितियों द्वारा सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम से जुड़े विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से हरियाली अमावस्या पर विभिन्न स्थानों पर लगभग 2 हजार पौधे रोपे। जनअभियान परिषद के ब्लॉक समन्वय अधिकारी मनोज दुबे ने बताया कि नगर परिषद आंतरी व ग्राम पंचायत गोहिंदा सहित क्षेत्र के अन्य गाँवों में हरियाली अमावस्या पर सामूहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। रोपे गए पौधे के फोटोग्राफ वायुदूत एप पर भी अपलोड किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अंकुर अभियान के तहत विकासखण्ड भितरवार में जन अभियान परिषद को इस साल 11 हजार पौधे रोपने का लक्ष्य दिया गया है। इस लक्ष्य की जल्द ही पूर्ति हो जायेगी। 
हरियाली महोत्सव पर इसके अलावा नगर पंचायत पिछोर व मुरार जनपद पंचायत के ग्रामों में भी ग्राम प्रस्फुटन समितियों द्वारा अंकुर अभियान के तहत ग्रामीणों के सहयोग से पौधे रोपे गए।