नई नवेली नगर सरकार का पहला सम्मेलन अगस्त में

Jul 28 2022

ग्वालियर। नई नगर सरकार का पहला सम्मेलन अगस्त माह होगा। इसी सम्मेलन में नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों को सबसे पहले शपथ दिलाई जाएगी और सभापति के चयन के लिए गोपनीय वोट डाला जाएगा। पहले सम्मेलन की सूचना कलेक्टर की ओर से महापौर और सभी पार्षदों को सात दिन पहले भेजी जाएगी। इसी माह के आखिरी दिनों में यह सूचना प्रशासन भेजेगा और संभवत:सात से नौ अगस्त के बीच सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसी सम्मेलन में सभापति का चयन होते ही अपील समिति का चयन भी किया जाएगा, जिसमें चार पार्षदों को शेष पार्षद व महापौर चुनेंगें। सभापित का चयन बैलेट पेपर के आधार किया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग से नोटिफिकेशन जारी होने के बाद अब प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
यहां यह बता दें कि राज्य निर्वाचन आयोग से नगर निगम ग्वालियर और डबरा के लिए अधिसूचना जारी हो चुकी है। इसी अधिसूचना के पंद्रह दिनों के भीतर प्रथम सम्मेलन कराना अनिवार्य है। अधिकारियों के अनुसार 29 या 30 जुलाई को सम्मेलन के लिए सूचना महापौर व पार्षदों को प्रेषित कर दी जाएगी, क्योंकि सात दिन पहले सूचना भेजने के नियम के तहत अब ज्यादा समय नहीं है।
नगर निगम परिषद के सभापति का चुनाव एकल संक्रमणीय मत पद्वति के आधार पर होता है। इसमें 66 पार्षद व महापौर गोपनीय वोट करेंगें। सभापति पद के दावेदार पहले नाम निर्देशन पत्र दाखिल करेंगें और उनके नामों को बैलेट पेपर पर लिखा जाएगा। इसी बैलेट पेपर से चुनाव होगा।
पहले सम्मेलन में सभापति का चयन होने के बाद तत्काल अपील समिति चुनी जाएगी। निगम परिषद की यह अपील समिति परिषद के मामलों पर निगरानी रखती है और आपत्ति भी दर्ज कराने का काम करती है।