एडीजी ने किया डबरा थाने का वार्षिक निरीक्षण, रिकॉर्ड देख थपथपाई पीठ

Jul 27 2022

ग्वालियर। विवेचना का स्तर उच्च होना चाहिए, जिससे पीडि़त को समय पर न्याय मिल सके। यह बात बुधवार को डबरा सिटी थाने का वार्षिक निरीक्षण करते हुए एडीजी डी श्रीनिवास ने कही। यहां पर उनके साथ एसएसपी अमित सांघी व एएसपी जयराज कुबेर सहित अन्य अफसर मौजूद थे। एडीजी सबसे पहले एचसीएम कक्ष पहुंचे और जरायम से लेकर एफआईआर रजिस्टर तक चेक किए। यहां पर रिकार्ड के रखरखाव पर एडीजी ने पुलिसकर्मियों की पीठ थपथपाई, साथ ही उन्हें हर रिकार्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। 
निरीक्षण करने पहुंचे एडीजी ने सबसे पहले वहां मौजूद पुलिसकर्मियों की ड्रेस पर नजर डाली और वहां पर मौजूद पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वर्दी आपके तन को ढकने के लिए नहीं बल्कि आपका गुरूर है, इसलिए जब भी वर्दी पहनें ध्यान रखें कि वर्दी पर एक भी निशान ना हो, क्योंकि इससे आपका इम्प्रेशन खराब होता है। 
एडीजी ने निरीक्षण के दौरान पुलिस अफसर व जवानों को बताया कि थाने आने वाला व्यक्ति किसी ना किसी परेशानी से पीडि़त होता है और उसकी उम्मीद हम होते हंै, ऐसे में हमें उसके साथ शालीन व्यवहार करना चाहिए, जिससे वह अपनी परेशानी बेहिचक बता सके। अगर आपका व्यवहार कटू होगा तो वह अपनी परेशानी बयां नहीं कर पाएगा। 
ड्यूटी के दौरान काफी स्ट्रेस आता है, स्टे्रस से बचने के लिए अपनी फिटनेश पर ध्यान दें इससे आप स्वस्थ भी रहेंगे और स्ट्रेस से बचने के साथ ही स्मार्ट नजर आएंगे। 
निरीक्षण के दौरान पुलिस अफसरों को निर्देशित करते हुए कहा कि महिला संबंधी अपराध में आपकी विवेचना का तरीका ऐसा होना चाहिए कि समय सीमा से पहले ही मामले का निकाल हो जाए, जिससे अपराधी तो सजा पाएगा ही, पीडि़ता को भी समय पर न्याय मिल जाएगा।