महाअभियान के तहत आधार कार्ड लेकर आए, लगवाया सतर्कता टीका

Jul 27 2022

ग्वालियर। ग्वालियर में बुधवार 27 जुलाई से महाभियान चलाकर लोगों को सतर्कता टीका लगाया गया। इसके लिए लोगों को स्लाट बुक कराने की जरूरत नहीं पड़ी, केवल आधार कार्ड लेकर आए और टीका लगवाया। इस दौरान जिन लोगों ने पहला व दूसरा टीका नहीं लगवाया था, उनका भी टीकाकरण किया गया। इसके लिए शहर के कई केंद्रों पर टीका लगाने की व्यवस्था की गई थी।
इसके लिए केवल उनको पहला या दूसरा टीका लगवाने के लिए उपयोग किया मोबाइल साथ लेकर जाना पड़ा। डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि डा एमएस राजावत का कहना है कि दूसरा टीका लगने के 6 महीने में शरीर में वायरस से लडऩे वाली रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने लगती है। जिससे संक्रमित होने का खतरा बढऩे लगता है। वायरस एक शरीर से दूसरे शरीर में जब प्रवेश करता है तो वह म्यूटेड होता है, जिससे उसकी गंभीरता बढ़ जाती है। जब शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होगी तो वायरस म्यूटेड नहीं होगा और स्वत: ही समाप्त हो जाएगा। सतर्कता टीका को गति देने के लिए बुधवार को महाभियान रखा गया है। 
जिले में 330 स्थानों पर टीकाकरण के साथ-साथ घर-घर दस्तक अभियान चलाकर टीकाकरण किया जा रहा है। बुधवार को इन केंद्रों पर 80 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। जिले में पहला व दूसरा टीका लगने के बाद 14 लाख लोग ऐसे हैं, जिन्हें सतर्कता टीका लगाया जाना है। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने महाभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देश जारी किए है। महाभियान के दौरान पहला,दूसरा व तीसरा टीका लोगों को लगाया जा रहा है। 31 सितंबर तक छह दिन महाभियान चलाया जाएगा। जिले में 27 जुलाई, 3 अगस्त,17 अगस्त, 31 अगस्त ,14 सितंबर,28 सितंबर को महाअभियान चलाया जाएगा।
यहां हुआ टीकाकरण
शहर में महाराज बाड़ा और मुरार डाकघर,कृषि महाविद्यालय, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, जीवाजी यूनिवर्सिटी, नगर निगम के 25 जोन मुख्यालय के कार्यालय पर टीकाकरण किया जा रहा है। इसके अलावा शहर के 25 निजी अस्पताल,104 शहरी आंगनबाड़ी केंद्र, 34 सरकारी स्वास्थ्य केंद्र सहित कुल 330 स्थानों पर शाम 5 बजे तक टीकाकरण किया गया।