बाजारों में त्योहार की खरीदारी शुरू, चोर सक्रिय हुए

Jul 26 2022

ग्वालियर। रक्षाबंधन अगले माह है। रक्षाबंधन में अब कम ही दिन बचे हैं, इसके बाद श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, गणेश चतुर्दशी और अन्य त्योहार लगातार हैं। इसके चलते अब बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढऩा शुरू हो गई है। धीरे-धीरे भीड़ बढ़ेगी, ऐसे में बाजारों में चोर गैंग भी सक्रिय होगी। इनसे बचने की जरूरत है। खरीदारी करने जाएं तो सावधानी जरुर बरतें, क्योंकि बाजारों मे भीड़ बढ़ते ही चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ती हैं।
दरअसल रक्षा बंधन के पहले से बाजार में भीड़ शुरू होती है। फिर दीपावली के बाद तक जमकर खरीदारी चलती है। लोग शादी के लिए भी खरीदारी करते हैं, क्योंकि दीपावली के बाद शादी का सीजन शुरू हो जाता है। यानी अब बाजार में भीड़ बढऩा शुरू हो गई है। अभी गर्मी के चलते बाजारों मे भीड़ कम थी, लेकिन अब वर्षा होने के बाद गर्मी कम होने से दिन में भी खरीदार पहुंच रहे हैं। अब लगातार भीड़ बढ़ेगी। इसके चलते अब विशेष एहतियात बरतने की जरूरत हैं।
बाहर से आती है महिला और बच्चा चोर गैंग
महिला और बच्चा चोर गैंग बाजारों में भीड़ बढ़ते ही सक्रिय होती है। बाहर से यह गैंग आती है और चोरी कर भाग जाती है। हर साल त्योहार और शादियों के मौसम में यह गैंग आती है। चोरी करके भाग जाती है। पुलिस आज तक इस चोर गैंग को नहीं पकड़ पाई है। हर बार यह गैंग आती है और वारदात कर चली जाती है।
सवारी वाहनों में भी सक्रिय होते हैं चोर
सवारी वाहनों में भी भीड़ बढ़ते ही चोर सक्रिय हो जाते हैं। सवारी वाहनों में लगातार चोरियां होती है। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे, जिसमें चोर नजर भी आए, लेकिन पकड़े नहीं गए।
इस बारे में एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई जाएगी। बाजारों मे इस बार महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। महिला पुलिसकर्मी बाजारों में गश्त करेंगी। सीसीटीवी कैमरे भी बढ़ाए जाएंगे। जिससे हर जगह निगरानी रखी जा सके।