हर घर तिरंगा अभियान के तहत ग्वालियर में गांवों में तीन सौ महिलाएं तैयार कर रहीं राष्ट्रध्वज

Jul 25 2022

ग्वालियर। कोरोना महामारी में गांवों की स्व-सहायता समूह की महिलाओं की भूमिका किसी से छिपी नहीं है। पूरे महामारी काल में मास्क बनाकर इन महिलाओं ने बता दिया था कि यह संकट के दौर में किसी से कम नहीं है। इन्हीं महिलाओं ने अब राष्ट्रध्वज की शान के लिए अलख जगाने का बीड़ा भी उठा लिया है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत ग्वालियर जिले की 300 महिलाएं गावों में राष्ट्रध्वज तैयार करने का ही नहीं बल्कि घर घर जाकर राष्ट्रध्वज का महत्व और गरिमा के बारे में लोगों को बता रही हैं। इन महिलाओं ने मास्टर ट्रेनर्स से पहले ट्रेनिंग ली, इस ट्रेनिंग में ध्वज संहिता के बारे में बारीकी से इन्हें बताया गया और किस तरह ध्वज तैयार करना है इसमें बारे में जानकारी दी। अब गांव गांव यह अभियान जारी है।
आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर केंद्र सरकार ने घर घर तिरंगा अभियान चलाने का निर्णय लिया है जिसमें सरकार ने इस अभियान के तहत देशवासियों से अपने घरों में राष्ट्रध्वज फहराने की अपील की है। राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र की एकता को मजबूती प्रदान करने के लिए हर घर राष्ट्रध्वज फहराने का आहवान किया है। ग्वालियर जिले में चार लाख राष्ट्रध्वज फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है जिसके लिए कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने दो कमेटियों का गठन कर अफसरों को जिम्मा सौंपा है।
पहले खुद जानी संहिता, ध्वज तैयार करने की ट्रेनिंग, अब घर घर रैलियां
गांव की इन महिलाओं के लिए राष्ट्रध्वज की अलख जगाना इतना आसान नहीं था, जब इन्हें देशभक्ति के इस अभियान के बारे में बताया तो उत्साह भी दिखा। पहले राष्ट्रध्वज के सम्मान पर आंच न आए इसके लिए ध्वज संहिता के बारे में बताया गया। इसके बाद ध्वज को कैसे तैयार करना है, इसकी जानकारी दी। अब यह महिलाएं गांवों में घर घर जाकर महिलाओं, पुरूष के साथ बच्चों को भी राष्ट्रध्वज के बारे में जानकारी देते हुए इसे फहराने को लेकर अपील कर रहीं हैं,लोगों का पूरा समर्थन मिल रहा है।