ग्वालियर के कांवडिय़ों को यूपी में डंपर ने रौंदा, 6 की मौत 1 घायल, हालत गंभीर

Jul 23 2022

ग्वालियर। हरिद्वार से कांवड़ भरकर ग्वालियर आ रहे कांवडिय़ों का एक दल यूपी के हाथरस में सड़क हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है और एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही एडीजी आगरा जोन और आइजी अलीगढ़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए आगरा पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान एक गंभीर मरीज की मौत हो गई। जिस डंपर ने कांवडिय़ों को कुचला वो भी ग्वालियर के ठाकुर ट्रांसपोर्ट का बताया जा रहा है, पुलिस ने चालक प्रवेश को गिरफ्तार कर लिया है। डंपर सिकंदराराऊ में गिट्टी खाली कर वापस ग्वालियर लौट रहा था।
घटना गत देर रात सवा दो बजे की बताई जा रही है। मौके पर मौजूद एक कांवडिय़े ने बताया कि हम एक ढाबे पर खाना खा रहे थे, तभी ड्राइवर ने डंपर चढ़ा दिया। हादसा हाथरस में कोतवाली सादाबाद बढ़ार चौराहे पर हुआ। आगरा जोन के एडीजी राजीव कृष्ण ने बताया कि घटना के बाद ड्राइवर डंपर लेकर भाग निकला। 42 लोगों का जत्था एक साथ गंगाजल लेकर जा रहा था।
हादसे में जबर सिंह (28), रनवीर सिंह (30), मनोज पाल सिंह (30), रमेश पाल (30), नरेश पाल (45) और विकास की मौत हुई है। हाथरस डीएम रमेश रंजन ने सभी मृतक कांवडिय़ों के परिजन को 1-1 लाख रुपए की मदद देने की घोषणा की है।
पारंपरिक रूट छोड़ दूसरे रूट पर जा रहे थे कांवडिय़े
हाथरस एसपी विकास कुमार वैद्य ने बताया कि हादसा सादाबाद - ग्वालियर रूट पर हुआ। यह रूट कांवड़ यात्रा का पारंपरिक रूट नहीं है। इस कारण इस रूट पर कांवडिय़ों के लिए ट्रैफिक बंद नहीं किया जाता। पारंपरिक रूट पर कावडिय़ों को सुरक्षित रास्ता देने के लिए ट्रैफिक बंद किया जाता है। ग्वालियर के उटीला थाना प्रभारी अवधेश ने बताया कि मृतकों के परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है। ग्वालियर से उटीला 25 से 30 किलोमीटर दूर है।
उधर मृतकों के शव उटीला पहुंचे तो स्वजनों का गुस्सा भड़क उठा। स्वजनों ने शवों को बड़ागांव हाइवे पर रखकर चक्काजाम कर दिया है। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। उधर जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई है। मृतकों के स्वजनों ने 25-25 लाख की आर्थिक सहायता की मांग की है।
गांव में पसरा मातम
कांवडिय़ों की मौत की सूचना जैसे ही गांव में पहुंची पूरे गांव में मातम पसर गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में लोग मृतकों के घरों पर पहुंचकर परिजनों को ढ़ाढस बंधा रहे हैं। फिलहाल पूरा गांव गमगीन है। 
प्रशासन ने मानीं मांगें तब खुला जाम
उटीला थाना क्षेत्र के गांव बांगीपुरा ग्रामीणों द्वारा हाथरस में हुए हादसे में मृत लोगों के शवों के साथ बड़ागांव पर चक्काजाम करने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश दी तथा उनकी जायज मांगों का प्रपोजल मौके पर ही तैयार कराया तब कहीं जाकर जाम खुल सका है। 
एमपी और यूपी के सीएम ने जताया दुख
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 6 कांवडिय़ों की मौत पर दुख जताया। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायल का बेहतर इलाज कराने के निर्देश दिए। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी घटना पर दुख जताया। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने भी ट्वीट कर मृतकों को श्रद्धासुमन अर्पित किए हैं। हाथरस जिला प्रशासन ने पीडि़त परिवारों को एक-एक लाख की आर्थिक सहायता तत्काल प्रभाव से प्रदान की है।
सीएसपी मुरार ऋषिकेश मीणा ने बताया कि हाथरस में उटीला क्षेत्र के रहने वाले 6 कावडिय़ों की हादसे में मौत हो गई है। मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों द्वारा सभी 6 शव रखकर बड़ा गांव खुरेरी पर जाम लगा दिया। पुलिस और प्रशासनिक टीम द्वारा परिजनों को समझाया और जायज मांगों को मान लिया है।