हमें अपनी भाषा और संस्कृति का करना चाहिए सम्मान-शोभा सिकरवार

Jul 22 2022

ग्वालियर। संस्कार भारती जिला ग्वालियर द्वारा गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में नटराज पूजन एवं वरिष्ठ कला गुरु सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की मुख्य आतिथि नवनिर्वाचित महापौर ग्वालियर डॉ शोभा सिकरवार थीं। इस अवसर पर विभिन्न विधाओं के वरिष्ठ कला गुरुओं को सम्मानित किया गया। महापौर शोभा सिकरवार ने सम्मानित कलगुरुओं को बधाई देते हुए कहा कि कला गुरुओं का सम्मान कर गर्व का अनुभव कर रही हूं। इस प्रकार के कार्यक्रम आने वाली पीढिय़ों को अपनी भारतीय संस्कृति से परिचय कराते हैं और प्रेरणा दायक होते हैं। हमें अपनी संस्कृति संस्कार और अपनी भाषा का सम्मान करना चाहिए। कार्यक्रम में कला गुरुओं के शिष्यों ने पाद पूजन किया। महापौर के द्वारा सम्मान पत्र और शॉल श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। विविध कला गुरुओं में भू अलंकरण रंगोली के लिए माधुरी मनोहर खोकले, चित्रकला हेतु प्रकाश चंद्र बत्ती, साहित्य विधा से डॉ राजरानी शर्मा, नाट्य विधा से नब कुमार बागची, संगीत विधा से डॉ अरुण धर्माधिकारी तथा नृत्य विधा से डॉ अंजली बाबर का सम्मान किया। 
कार्यक्रम के संयोजक प्रदीप दीक्षित थे, इस अवसर पर संस्कार भारती जिला ग्वालियर के अध्यक्ष डॉ संजय धवले महामंत्री मनीष दीक्षित, अतुल अधोलिया, डॉ भगवान दास माणिक, दिनेश चंद्र दुबे, अशोक आनंद, अनीता करकरे, दिनेश पाठक, ब्रजकिशोर दीक्षित, मोहन सिंह बैस, सुनीता पाठक, शिखा सोनी, वीरेंद्र नागवंशी, डॉ अमिता खरे, आशुतोष बाजपेई, मानव महंत, मोक्षी गुप्ता आदि सदस्य उपस्थित थे।