जनता को राहत देने गारबेज शुल्क एवं सम्पत्ति कर का होगा पुनरीक्षण: शोभा सिकरवार

Jul 22 2022

ग्वालियर। ग्वालियर की नवनिर्वाचित महापौर डॉ. श्रीमती शोभा सिकरवार के सम्मान में गुरुबार को एमपीसीसीआई द्बारा सम्मान समारोह का आयोजन चेम्बर भवन में किया गया। इस अवसर पर ग्वालियर पूर्व के  विधायकडॉ. सतीश सिकरवार, अध्यक्ष विजय गोयल, उपाध्यक्ष पारस जैन, मानसेवी सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल, कोषाध्यक्ष वसंत अग्रवाल मंचासीन थे। 
कार्यक्रम के प्रारंभ में पदाधिकारियों द्बारा पुष्प गुच्छ देकर अतिथिगणों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित एमपीसीसीआई के पूर्व पदाधिकारीगण, कार्यकारिणी समिति सदस्यगण एवं सदस्यगणों द्बारा महापौर डॉ. श्रीमती शोभा सिकरवार का हार्दिक स्वागत किया गया। 
एमपीसीसीआई अध्यक्ष विजय गोयल द्बारा स्वागत करते हुए कहा कि आज हमें ग्वालियर की महापौर डॉ. श्रीमती शोभा सिकरवार का स्वागत करने का अवसर प्राप्त हुआ है। हम सभी उन्हें अपने बीच पाकर आनंदित हैं। नारी शक्ति स्वरूप महापौर का मैं हार्दिक स्वागत करता हूं, अभिनंदन करता हूं। हमारे बीच पधारे ग्वालियर पूर्व के विधायक डॉ. सतीश सिकरवार का भी मैं हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करता हूं। आपने कहा कि विगत तीन वर्ष से ग्वालियर शहर की जनता गारबेज शुल्क से परेशान है, वहीं ट्रेड लायसेंस व प्रतिष्ठानों के बोर्ड एक समान किये जाने से भी कारोबारियों को परेशानी है। ट्रेड लायसेंस अनावश्यक है क्योंकि कारोबारी पूर्व से ही शॉप एक्ट के तहत रजिस्टर्ड होते हैं। हम आशा करते हैं नवनिर्वाचित महापौर कारोबारियों को इससे मुक्ति दिलायेंगी। वहीं हमारी नवीन परिषद के सभी पार्षद भी ग्वालियर विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करेंगे, ऐसी हम उम्मीद करते हैं। 
नवनिर्वाचित महापौर डॉ. श्रीमती शोभा सिकरवार ने अपने उद्बोधन में कहा कि आप सभी ने मुझे भारी मतों से महापौर निर्वाचित किया है। इसके लिए मैं आप सभी का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। गारबेज शुल्क से राहत देने का वायदा हमने अपने वचनपत्र में किया था साथ ही सम्पत्ति कर की दरों का भी पुनरीक्षण कर, शहरवासियों को राहत प्रदान की जायेगी। शहरवासियों की किसी भी प्रकार की समस्या के लिए हम तत्परता से कार्य करेंगे। केन्द्र सरकार द्बारा गरीब वर्ग की मूलभूत आवश्यकताओं पर जीएसटी आरोपित की है। मैं और कांग्रेस पार्टी आपके इस संघर्ष में आपके साथ खड़े हैं। 
विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने कहा कि ऐतिहासिक रूप से ग्वालियर की एक अलग पहचान है लेकिन विकास की दृष्टि से हम प्रदेश के अन्य महानगरों से पिछड़े हुए हैं। ग्वालियर के विकास का रोडमैप बनाने के लिए चेम्बर ऑफ कॉमर्स, पूर्व महापौरगण एवं पूर्व निगम अधिकारियों को समाहित कर, समिति का गठन किया जायेगा। इस समिति की बैठक प्रतिमाह होगी और उसमें विकास के बिन्दुओं को तय कर, कार्य किया जायेगा। परिषद का पदेन सदस्य होने के नाते मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि तीन वर्ष से अधिक पुराने जलकर के बिलों को माफ करने का प्रस्ताव लाया जायेगा। आपने कहा कि यह शहर भाजपा-कांग्रेस का नहीं हम ग्वालियरवासियों का है और हम सब मिलकर ग्वालियर विकास के नये आयाम स्थापित करेंगे।  
महापौर डॉ. श्रीमती शोभा सिकरवार द्बारा कार्यक्रम में उपस्थित 92वर्षीय स्वतंत्रता संग्राम सैनानी  गनपतराम नीखरा को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया। 
कार्यक्रम का संचालन मानसेवी सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल द्बारा तथा आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष वसंत अग्रवाल द्बारा व्यक्त किया गया।