चिक्टे जी खेल संकुल का लोकार्पण 23 जुलाई को

Jul 21 2022

ग्वालियर। मध्यभारत शिक्षा समिति द्वारा संचालित पार्वतीबाई गोखले महाविद्यालय में नवनिर्मित खेल परिसर चिक्टे जी खेल संकुल का लोकार्पण शनिवार की शाम 5:30 बजे किया जाएगा। इस मौके पर 13 प्रतिभावान खिलाडिय़ों का सम्मान भी किया जाएगा। इस मौके पर बतौर अतिथि पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी व संघ के राष्ट्रीय पदाधिकारी रहे सुरेश सोनी मौजूद रहेंगे।
यह जानकारी पार्वतीबाई गोखले महाविद्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में मध्य भारत शिक्षा समिति के सचिव वरुण अग्रवाल सहसचिव गौरव जैन, जेयू के रिटायर खेल निदेशक डॉ राजेंद्र सिंह गुर्जर ने देते हुए बताया कि पार्वतीबाई गोखले महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने ना सिर्फ खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन किया है, बल्कि मेडल भी जीते हैं। 
चिक्टे जी खेल संकुल से विद्यार्थियों को आगे बढऩे के और अधिक अवसर मिलेंगे। चिक्टे जी खेल संकुल में कालेज के अलावा शहर के अन्य खिलाडिय़ों को भी निखारने का काम किया जाएगा। इस मौके पर पीजीवी के प्राचार्य डॉ विजय गुप्ता, माधव कॉलेज के प्राचार्य डॉ संजय रस्तोगी, डॉक्टर संजय कुमार पांडे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। 
इन खिलाडिय़ों का होगा सम्मान
चिक्टे जी खेल संकुल के लोकार्पण पर रानी खोखर हॉकी, रजनी झा तैराक- कुश्ती, नेहा रावत हॉकी, करिश्मा यादव हॉकी, पंकज खोले क्रिकेट, प्रदीप याज्ञिक क्रिकेट, राजेंद्र टेम्बे क्रिकेट, गुरूचरण सिंह क्रिकेट, मनजीत कौर हॉकी, नवदीप कौर हॉकी, रीना राठौर हॉकी, स्वाति हॉकी, और दुर्गा पाल का अतिथियों द्वारा सम्मान किया जाएगा।