देवर भाभी की बहन से करना चाहता था शादी, परिवार राजी नहीं हुआ तो गला घोंटकर हत्या की

Jul 20 2022

ग्वालियर। एक तरफा प्यार और शादी की चाह में एक युवक ने अपनी ही भाभी की बहन की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या सुबह उस समय की गई जब परिवार के सदस्य ड्यूटी पर गए थे। मृतका के घर के पास लगे  सीसीटीवी कैमरे में आरोपी गले में साफी बांधकर घर में घुसता हुआ दिख रहा है। 15 मिनट बाद जब वह निकल रहा होता है तो उसके गले में साफी नहीं है। वही साफी मृतका के गले में बंधी मिलती है। घटना जनकगंज में निंबालकर की गोठ की है। घटना का पता उस समय लगा जब परिजन ड्यूटी से लौटे। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। साथ ही आरोपी की तलाश की जा रही है।
शहर के जनकगंज स्थित निंबालकर की गोठ में 22 वर्षीय किरण सिंघानिया (बाल्मीकि) अपने परिवार के साथ रहती थी। किरण की बडी बहन की पास ही गोल इलाके में ससुराल है। किरण को बहन का देवर मुकुल बाल्मीकि प्रेम करता था। वह अपनी भाभी से भी कई बार किरण से शादी कराने की कह चुका था, लेकिन किरण का परिवार इसके लिए तैयार नहीं हो रहा था। बुधवार सुबह किरण की हत्या हो गई है। 
किरण के परिवार ने मुकुल पर ही हत्या का आरोप लगाया है। हुआ यूं था कि बुधवार सुबह किरण का पूरा परिवार ड्यूटी पर गया था। सभी सफाई कर्मचारी हैं। जब सभी काम से लौटे तो देखा कि किरण अपने कमरे में मृत पड़ी हुई है। उसके गले में एक साफी बंधी हुई है। जिससे उसका गला कसा गया है। यह देखते ही परिजन घबरा गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक एक्सपर्ट साइंटिस्ट अखिलेश भार्गव को भी मौके पर बुलवा लिया।। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
जब पुलिस ने किरण के घर आसपास छानबीन की तो सामने एक घर पर सीसीटीवी कैमरा लगा दिखा। पुलिस ने कैमरे के फुटेज चैक किए तो  मुकुल पैदल चलता हुआ किरण के घर में दाखिल होता है। उस समय उसके गले में एक साफी थी। करीब 15 मिनट बाद वह बाहर निकलता है। बाहर से दरवाजा और कुंडी लगाता है। इसके बाद वह चला जाता है। पर लौटते समय उसके गले में साफी नहीं होती है। वैसी ही साफी मृतका के गले में कसी मिली है। जिससे आशंका है कि मुकुल ने ही शादी न होने से नाराज होकर उसकी इस तरह हत्या की है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
जनकगंज पुलिस के अफसरों का कहना है कि प्रारंभिक पड़ताल के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। साथ ही संदेही के फुटेज के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है। अभी वह पुलिस के हाथ नहीं आया है। जांच में जो तथ्य निकलकर सामने आएंगे उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।