मां नहीं देती थी खाना तो मार दी थी गोली, पकड़ा आरोपी

Jul 20 2022

ग्वालियर। पांच दिन पहले सौतेली मां को गोली मार कर फरार बेटे को मुरार थाना पुलिस ने सुपावली में पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी से वारदात में प्रयुक्त कट्टा भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने अब पकड़े गए आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में गोली मारने का कारण खाना नहीं देना तथा पैतृक मकान को बेचने का विवाद सामने आ रहा है। 
मुरार थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि गुलाबपुरी निवासी आशा यादव को पांच दिन पहले उसके सौतेले बेटे विवेक उर्फ छोटू ने गोली मारी थी। पिछले पांच दिन से पुलिस उसकी तलाश में लगी थी कि बुधवार सुबह सूचना मिली थी कि आरोपी सुपावली हाइवे के पास छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिसकमियों को आरोपी को पकडऩे के लिए पहुंचाया। पुलिस को आता देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद वारदात में प्रयुक्त कट्टा बरामद कर लिया है। 
पकड़े गए आरोपी विवेक ने बताया कि उसकी सौतेली मां उसकी मां पर कमेंट करती थी और छोटे भाई व उसके साथ सौतेला व्यवहार करती थी। साथ ही उनके नाम पैतृक मकान को बेच कर अपने लिए प्लॉट ले लिया था। इसके चलते ही उसने सौतेली मां पर गोली चलाई है।