रोके नहीं रुक रहा पसीना,9 बजे ही पारा 33 के पार

Jul 19 2022

ग्वालियर। अंचल में झमाझम बारिश के लिए अरब सागर से पर्याप्त नमी के लगातार आने के साथ ही हवा का रुख भी बदलने के बाद भी आसमान में बादलों की आवाजाही देखने को नहीं मिल रही है। मौसम पूरी तरह से ड्राय होने के कारण अब तो चौबीस घंटे उमसभरी गर्मी अंचलवासियों को कूलर व पंखों की हवा के बीच परेशान करती दिख रही है। यही नहीं लोकल हीटिंग से निर्मित होने वाले सिस्टम पर भी दो दिनों से बे्रक लगने से अंचल में अब बादलों की आवाजाही भी देखने को नहीं मिल रही है। आलम यह है कि सावन में भी अंचलवासी गर्मी का टार्चर सहने को मजबूर हैं। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी मध्यप्रदेश में बना पश्चिमी विक्षोभ तेजी से अंचल की ओर बढ़ रहा है। बुधवार दोपहर बाद इसके अंचल में एक्टिव होने के बाद 21 से 24 जुलाई तक बारिश के आसार बन रहे हैं। आगामी चौबीस घंटों के दौरान मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने व सूरज की तपन के साथ ही उमस भरी गर्मी परेशान करती रहेगी। 
9 बजे ही पारा 33 के पार सावन के महीने में सूरज की तपिश मौसम ड्राय होने के चलते सुबह से ही लोगों को उमस भरी गर्मी पसीने से तरबतर कर रही है। अंचल में पड़ रही गर्मी का आलम यह है कि मंगलवार सुबह ही पारे की चाल 33 डिग्री के पार पहुंचते ही लोग पसीना-पसीना होने को मजबूर हैं। दिन चढऩे के साथ ही सूरज की तपिश के साथ बढ़ती उसम से कूलर व पंखों की हवा भी राहत नहीं दे पा रही है। मौसम लगातार ड्राय बने रहने के कारण मौसमी बीमारियां बच्चों से लेकर बुजुर्गों को अपनी चपेट में ले रही है।
मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय ने बताया कि आगामी चौबीस घंटों के दौरान अंचल के मौसम में परिवर्तन होगा। इसका कारण उपाध्याय ने बताया कि उत्तर भारत में सक्रिय मानसून के साथ ही पूर्वी मध्यप्रदेश में निर्मित पश्चिमी विक्षोभ तेजी से अंचल की ओर बढ़ रहा है जिसके कल तक अंचल में पूरी तरह से एक्टिव होने की संभावना बन रही है। नए सिस्टम के एक्टिव होते ही अंचल में 21 से 24 जुलाई तक मानसूनी बारिश देखने को मिल सकती है। ये बारिश ही अंचलवासियों को वर्तमान में पड़ रही उमस भरी गर्मी से राहत देगी।