निर्दलीय नाथू ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की, पार्षदों की संख्या 28 हुई

Jul 19 2022

ग्वालियर। महापौर पद पर विजयी डॉ. शोभा सतीश सिकरवार के ललितपुर कॉलोनी स्थित कार्यालय पर अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित वार्ड 61 से निर्दलीय के रूप में जीत दर्ज करने वाले नाथूराम मंगलवार की सुबह पहुंचे और कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा, विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार ने माला पहनाकर स्वागत किया। इस तरह परिषद में अब कांग्रेस के पार्षदों की संख्या 28 हो चुकी है।
दो का पहले ही समर्थन :
मतगणना पूरी होने पर 17 जुलाई को भाजपा के 34, कांग्रेस के 25, बसपा का 1 तथा 6 पार्षद निर्दलीय जीते थे। जब विजयी प्रमाण-पत्र वितरण हुए तभी वार्ड 2 से निर्दलीय जीती आशा सुरेन्द्र चौहान ने कांग्रेस का दामन थाम लिया था। वे पहले भी कांग्रेस में थे लेकिन टिकट न मिलने पर निर्दलीय लड़ी थी। वार्ड 6 से निर्दलीय जीते दीपक मांझी को भी कांग्रेस का समर्थन था। अब नाथूराम के भी शामिल होने से कांग्रेस की संख्या 28 पहुंच चुकी है। बसपा के सुरेश सिंह सोलंकी व अन्य निर्दलीयों पर भी कांग्रेस की निगाह है।