ग्वालियर पुलिस ने भिण्ड में डकैती डालने वाले तीन बदमाशों को 23 सोने की अंगूठी व हथियारों सहित किया गिरफ्तार

Jul 19 2022

ग्वालियर। एसएसपी अमित सांघी को जरिये मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि कुछ बदमाशों को ग्वालियर के मेला ग्राउण्ड झूला सेक्टर के पास अवैध हथियार सहित देखा गया है। उक्त सूचना पर से एसएसपी द्वारा एएसपी अपराध राजेष डण्डोतिया को क्राईम ब्रांच एवं थाना गोला का मंदिर पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर मुखबिर सूचना की तस्दीक करते हुए उक्त बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिये। 
थाना क्राईम ब्रांच डॉ. संतोष यादव एवं थाना प्रभारी गोला का मंदिर मिर्जा आसिफ बेग के नेतृत्व में क्राईम ब्रांच व थाना पुलिस की टीम को कार्यवाही करने हेतु मुखबिर के बताये स्थान मेला ग्राउण्ड झूला सेक्टर पर भेजा गया। पुलिस टीम को उक्त स्थान पर तीन संदिग्ध व्यक्ति एक मोटर सायकिल पर बैठे दिखाई दिये जिन्होने पुलिस टीम को देखकर मोटर सायकिल लेकर भागने का प्रयास किया, परन्तु पुलिस टीम द्वारा सभी बदमाशों को घेराबंदी करके पकड़ लिया गया। 
पकड़़े गये बदमाशों से पूछताछ करने पर उन्होने खुद को ग्राम रौन जिला भिण्ड का निवासी बताया। पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये बदमाशों की तलाशी लेने पर उनके पास से एक 32 बोर की देशी पिस्टल मय 2 जिंदा राउण्ड, एक 315 बोर का देशी कट्टा मय 1 जिंदा राउण्ड, एक छुरी व यामाहा एफजेड मोटर सायकिल बरामद किया। पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये बदमाशों के विरूद्ध थाना गोला का मंदिर में आम्र्स एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
पूछताछ में पकड़े गये बदमाशों ने थाना रौन क्षेत्र में एक घर में डकैती की घटना करना स्वीकार करते हुए बताया गया कि हम लोगों ने 5 मई 22 को कट्टा अड़ाकर ग्राम रौन निवासी एक व्यक्ति के घर पर डकैती डाली थी जहां से हमने सोने व चांदी के जेवरात, एक मोबाइल व नगद रूपये लूट लिये थे। घटना के उपरांत पकड़े जाने के डर से ग्वालियर आकर छिपे हुए थे। 
पुलिस टीम द्वारा थाना रौन पुलिस को बदमाशों के संबंध में जानकारी देने पर ज्ञात हुआ कि उक्त पकड़े गये बदमाशों द्वारा थाना रौन क्षेत्र में डकैती डालकर लगभग 3 लाख रूपये का माल लूट लिया था। जिस पर थाना रौन में एमपीडीपीके एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लेकर अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही थी। उक्त सूचना पर से थाना रौन पुलिस द्वारा ग्वालियर आकर ग्वालियर पुलिस की टीम के साथ पकड़े गये बदमाशों के स्थानीय निवास विवेक नगर में पहुंचकर तलाशी ली तो वहां से 23 सोने की अंगूठी कीमती लगभग 3 लाख रूपये व एक 32 बोर की देशी पिस्टल मय 2 जिंदा राउण्ड, एक 315 बोर का देशी कट्टा मय 1 जिंदा राउण्ड, एक छुरी व यामाहा एफजेड मोटर सायकिल बरामद की गई।