ग्वालियर की जनता के भरोसे पर ही जीता है चुनाव-शोभा सिकरवार

Jul 18 2022

ग्वालियर। कांग्रेस की विजयी महापौर प्रत्याशी शोभा सिकरवार ने कहा कोई भी आये चाहे सीएम या कोई, मुझे जनता पर भरोसा था इसलिए जीत मिली है। अपने काम व जनता के भरोसे ही चुनाव में उतरी थी। अब अपने काम से जनता का भरोसा कायम रखूंगी। विधायक डा सतीश सिकरवार की पत्नी शोभा सिकरवार तीन बार पार्षद निर्वाचित हो चुकी हैं। और नगर सरकार में सतीश सिकवार का होल्ड भी रहा है। सतीश स्वयं भी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। भाजपा के टिकट पर ग्वालियर पूर्व से चुनाव लड़े थे। लेकिन पराजित हुए। उपचुनाव से भाजपा छोड़कर कांग्रेस से उसी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़कर विधानसभा में पहुंचे।
शोभा सिकरवार का मजबूत राजनीतिक बैकग्राउंड: शोभा सिकरवार का मजबूत पारिवारिक राजनीतिक बैकग्राउंड है। उनके ससुर गजराज सिंह सिकरवार दो बार मुरैना जिले की सुमावली विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। पति डा.सतीश सिकरवार ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान में विधायक हैं। देवर सत्यपाल सिंह सिकरवार नीटू मुरैना जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ सुमावली से विधायक रह चुके हैं। सिकरवार दंपती एक साथ पार्षद भी रह चुके हैं और शोभा सिकरवार तीन बार पार्षद निर्वाचित हो चुकी हैं। वे एमआइसी सदस्य भी रह चुकी हैं। राजनीति की उन्हें गहराई से समझ भी है। जातीय समीकरण भी फिलहाल उनके अनुकूल थे। साथ ही पार्षद रहने के दौरान उनके कामों की वजह से जनता ने भरोसा जताया है।