मुफ्त बूस्टर लगवाने सुबह से लगी कतार

Jul 15 2022

ग्वालियर। कल तक सूने पड़े वैक्सीन सेंटरों पर शुक्रवार को केन्द्र सरकार के मुफ्त में बूस्टर डोज लगाए जाने की घोषणा के बाद शहर में बनाए गए कुल 35 व ग्रामीण क्षेत्रों के सोलह टीकाकरण सेंटरों पर शुक्रवार को इन सभी सेंटरों पर मुफ्त बूस्टर डोज लगवाने वाले संबंधित सेंटरों के खुलने से पहले ही बूस्टर लगवाने के लिए कतार में खड़े दिखाई दिए। 
मुफ्त बूस्टर डोज शुक्रवार सुबह नौ बजे से ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा बनाए गए वैक्सीन सेंटरों पर लगना शुरु हो गया। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.आरके गुप्ता ने बताया कि केन्द्र सररकार से मिले निर्देश के बाद शुक्रवार 15 जुलाई से आगामी 27 सितंबर तक 18 से 59 उम्र के लोगों को मुफ्त कोरोना से बचाव के लिए बूस्टर डोज की सुविधा उपलब्ध होगी। 
डॉ.गुप्ता ने बताया कि जिले में अभी तक लगभग अस्सी हजार लोगों ने ही बूस्टर डोज लगवाया है। जिले के सभी सेंटरों पर दस हजार बूस्टर डोज लगाने का टारगेट तय किया गया था। मुफ्त बूस्टर लगाने के लिए युवा से लेकर बुजुर्गों में उत्साह देखने को मिला। सनद रहे कि जिले के सभी सरकारी सेंटरों पर सुबह नौ से पांच बजे तक बूस्टर डोज का समय नियत किया गया है। 
डॉ. गुप्ता ने बताया कि शहरवासियों को बूस्टर डोज लगवाने की सुविधा जेएएच, सिविल हॉस्पीटल हजीरा, जिला अस्पताल मुरार, सिविल डिस्पेंसरी थाटीपुर, जनकगंज, लक्ष्मीगंज, डीडी नगर, लधेड़ी, बिरलानगर, ओहदपुर, तृप्ति नगर, फालका बाजार डिस्पेंसरी सहित हेम सिंह की परेड, पिछाडी ड्योड़ी के साथ ही सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के साथ ही शहर में संचालित हो रहे आधा दर्जन संजीवनी क्लीनिकों पर मिलेगी। बूस्टर लगवाने के लिए पात्र टीका धारक को पूर्व में लगाए गए दोनों टीके के प्रमाण पत्र के साथ ही रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर के साथ आधार कार्ड की प्रति संबंधित वैक्सीन सेंटर पर मौजूद स्टाफ को दिखानी होगी। साथ ही टीके की दोनों डोज लगाए छह महीने का समय पूरा होना अनिवार्य है।