मतगणना में गड़बड़ी पर नजर रखने के लिए कांग्रेसी झंडे के साथ डालेंगे घेरा व डेरा

Jul 15 2022

ग्वालियर। मतगणना स्थल साइंस कालेज पर कांग्रेस रविवार को घेरा व डेरा डालेगी। मतगणना के प्रत्येक वार्ड से 100 से 150 के लगभग कार्यकर्ता बुलाये हैं। ताकि भाजपा प्रशासन का दुरुपयोग कर नतीजों में हेर-फेर नहीं करा सकें। यह कार्यकर्ता सुबह से मतगणना के बाहर मौजूद रहेंगे।
 यह निर्णय शहर जिला कांग्रेस में कांग्रेस प्रत्याशी की हुई बैठक में लिया गया। बैठक में बताया कि मतगणना के दौरान मतगणना एजेंटों को क्या-क्या सावधानी रखना हैं। बैठक में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डा देवेंद्र शर्मा के अलावा राकेश पाराशर, राजा यादव, हेवरन कंसाना, हरेंद्र गुर्जर, मीनू परिहार के अलावा पार्षद उमीदवार मौजूद थे। 
अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा, अभिभाषक राकेश पाराशर, राजा यादव, अवधेष कौरव ने मतगणना के नियमों को कांग्रेस महापौर प्रत्याशी एवं सभी 66 वार्डो के प्रत्याशियों को समझाते हुए कहा कि प्रत्येक वार्ड के कंग्रेस प्रत्याशी के मतगणना एजेंट प्रात: 6 बजे मतगणना स्थल सांईस कॉलेज, नाका चंन्द्रवदनी पहुंचकर अपने मतगणना हॉल में पहुंच जाएं।
इवीएम मशीन आने के बाद पहले उसमें पड़े वोटों को विवरण प्राप्त करें। उसके बाद प्रत्येक राउंड के किस दल को कितने मत प्राप्त हुए है और लिखित में शासकीय मतगणना अधिकारी से सार्टिफिकेट प्राप्त करें। उसके बाद दूसरी मशीन की गणना प्रारंभ की जाए और यह क्रम मतगणना समाप्त होने तक चलता रहे और जो प्रत्येक मतदान केन्द्र का सर्टिफिेकट शहर जिला कांग्रेस को उपलब्द करायें। किसी भी प्रकार की चूक होने पर तत्काल अपत्ति दर्ज की जाए एवं अपने समर्थकों के साथ सांईस कॉलेज मतगणना स्थल के बाहर पार्टी का झंडा लेकर तैनात रहे।