कंट्रोल संचालक ने दो कर्मचारियों पीटा,एक की मौत

Jul 14 2022

ग्वालियर। गेंहू के पांच कट्टे कम होने पर कंट्रोल संचालक ने कर्मचारियों की लेजम से इतनी मारपीट कर दी, कि एक कर्मचारी की मौत हो गई। घटना ग्वालियर थाना क्षेत्र के राजा मंडी की है। कर्मचारी की मौत का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है। 
ग्वालियर थाना क्षेत्र के गोविन्दपुर घासमंडी शुक्ला होटल के पास रहने वाला 35 वर्षीय मनमोहन मिश्रा राजा मंडी में नितिन मांझी की कंट्रोल पर काम करता था और उसके साथ ही छोटे लाल रजक भी यहां पर काम करता था। दो दिन पहले कंट्रोल में रखे गेंहू के बोरों की गिनती हुई तो पांच कट्टे कम निकले, इस पर नितिन नाराज हुआ और छोटे लाल व मनमोहन की मारपीट करना शुरू कर दिया। लेजम से पीटाई से मनमोहन गंभीर घायल हो गया तो उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर गुरुवार  सुबह उसकी मौत हो गई। मनमोहन की मौत का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है। 
परिजनों ने पुलिस को बताया कि गरीब परिवार होने और नौकरी जाने के डर से उन्होंने मामले की शिकायत नहीं की थी। 
इस बारे में सीएसपी प्रमोद शाक्य ने कहा कि एक युवक की उपचार के दौरान मौत हुई है। परिजनों का कहना है कि कंट्रोल संचालक द्वारा की गई मारपीट के कारण उसकी मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।