मामा की दुकान पर हुई थी दोस्ती, प्रेमी ने मिलने बुलाकर गेस्ट हाउस में किया दुष्कर्म,मामला दर्ज

Jul 12 2022

ग्वालियर। बारहवीं की छात्रा को गेस्ट हाउस में मिलने बुलाकर प्रेमी ने रेप किया है। घटना सम्यक गेस्ट हाउस शिन्दे की छावनी की है। घटना के बाद भी प्रेमी ने गलत काम करने का प्रयास किया, लेकिन छात्रा ना तो उससे मिली और ना ही उसकी बातों पर भरोसा किया। कई दिन बदनामी के डर से छात्रा सब सहती रही, लेकिन प्रेमी उससे मिलने का दबाव बनाने लगा तो पीडि़त छात्रा थाने जा पहुंची और मामले की शिकायत की। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
सिकंदर कंपू अजयपुर निवासी काजल (बदला हुआ नाम) 12वीं की छात्रा है। कुछ समय पहले वह गोल पहाडिय़ा पर अपने मामा के यहां पर रहती थी। यहीं पर उसकी मुलाकात बैतूल निवासी राजू गोस्वामी पुत्र बलराम गोस्वामी से हुई। राजू यहां पर किराए का कमरा लेकर पढ़ाई करता था। फरवरी माह में छात्रा मामा की दुकान पर बैठी थी तो उसकी मुलाकात राजू से हुई। इसके बाद उनके बीच दोस्ती हो गई और दोनों आपस में बातचीत करने लगे। साथ ही दोनों के बीच प्यार हो गया। 
दो मार्च को प्रेमी राजू ने छात्रा को कॉल किया और उसे गेस्ट हाउस पर मिलने बुलाया। जब छात्रा ने गेस्ट हाउस आने से इनकार किया तो राजू ने उसे किसी बड़ी परेशानी में होने की बात कही। इस पर छात्रा उससे मिलने गेस्ट हाउस पहुंची। प्रेमी राजू ने रूम का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया और उसके साथ गलत हरकतें करने लगा। जब उसने विरोध करने का प्रयास किया तो उसे जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। अभी बदनामी के डर से छात्रा चुप रही।
वारदात के बाद से ही आरोपी प्रेमी उसे मिलने बुला रहा था और संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा था। आरोपी द्वारा किए गए गलत काम के चलते छात्रा डिप्रेशन में आ गई और पढ़ाई भी छोड़ दी। अब जब आरोपी उसे बदनाम करने का दबाव बना रहा था तो छात्रा थाने पहुंची और मामले की शिकायत की। पुलिस ने उसकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
सीएसपी विजय भदौरिया ने बताया कि छात्रा की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अभी आरोपी फरार हो गया है और उसकी तलाश में पुलिस टीम बैतूल भेजी गई है।