कार में सवार चाचा-भतीजे ने भागकर बचाई जान,लूट का प्रयास

Jul 11 2022

ग्वालियर। आधी रात बाइक सवार सिरफिरे बदमाशों ने कार सवार चाचा-भतीजे पर हमला कर लूट का प्रयास किया है। बदमाशों ने पड़ाव रेलवे ओवर ब्रिज पर ओवरटेक कर कार सवार चाचा-भतीजे को रोका। पहले तो उनको बाहर निकाकल मारपीट करना चाही, लेकिन जब वह कार से बाहर नहीं निकले तो कांच तोड़ दिया। सिरफिरे बदमाश कह रहे थे सारा सामान छुड़ा लो। कांच टूटकर लगने से भतीजा घायल हो गया है। कार सवारों ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। घटना की शिकायत सोमवार दोपहर पड़ाव थाने में की गई है। पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार सिरफिरे बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सिंधी कॉलोनी निवासी 32 वर्षीय देवेश परिहार पुत्र पीएस परिहार मालनपुर स्थित एक कंपनी में कर्मचारी हैं। रविवार रात भतीजे अमन परिहार के साथ पड़ोसी परिवार की शादी में शामिल होने के लिए होटल रमाया में आया था। विवाह समारोह में शामिल होने के बाद चाचा-भतीजे आल्टो कार से वापस आ रहे थे और अभी पड़ाव आरोबी के पास पहुंचे ही थे कि तभी दो बाइकों पर सवार चार बदमाश आए और उनकी कार के सामने अपनी बाइक अड़ा दी। जिस पर उन्हें कार रोकनी पड़ी। कार रोकते ही चोरों युवक उनकी कार के पास पहुंचे और गाली गलौज करने लगे। जब उन्होंने उन्हें समझाने के लिए कांच खोला तो एक युवक ने उनका गला पकडऩे के लिए हाथ अंदर करना चाहा तो उन्होंने कांच बंद कर दिया।
कांच बंद होते ही चारों युवक उनकी कार के कांच पर हाथों से तोडऩे का प्रयास करने लगे, लेकिन सफल नहीं हुए तो एक युवक ने कमर से कट्टा या अन्य हथियार से कांच पर वार किया, तो कांच चटक गया। इसी बीच वहां से निकल रहे लोग एकत्रित हो गए तो सिरफिरे युवकों के तेवर ढीले हुए। जिस पर कार भागकर चाचा-भतीजे ने अपनी जान बचाई। घटना का शिकार पीडि़त थाने पहुंचे और मामले की शिकायत की। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
इस मामले में थाना प्रभारी पड़ाव विवेक अष्ठाना का कहना है कि गत रात को बाइक सवार कुछ युवकों ने कार सवार चाचा-भतीजे को ओवरटेक कर हमला किया है। मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज निकालकर हमलावरों की पहचान की जा रही है।