इस बार कौन बनेगा ग्वालियर शहर का प्रथम नागरिक

Jul 11 2022

ग्वालियर। मतदान को पांच दिन बीत चुके हैं और मतगणना में अभी छह दिन शेष हैं। ऐसे में शहर भर में कयासों का दौर जारी है और सभी अपना-अपना आंकलन बता रहे हैं। कोई कांग्रेस प्रत्याशी को अगला मेयर बता रहा है तो कोई भाजपा प्रत्याशी की ताजपोशी होना बता रहा है। जनता ने किसे महापौर चुना यह तो अभी ईवीएम में कैद है पर मतगणना में लंबा समय होने के कारण जधर देखो उधर एक ही विषय पर चर्चा हो रही है कि आखिर इस बार शहर की मेयर का ताज किसके सिर पर होगा।
इस बार कांग्रेस और भाजपा के साथ कांग्रेस का दामन छोड़ आम आदमी पार्टी में शामिल हुई डॉ.रुचि गुप्ता के महापौर पद पर चुनाव लडऩे के कारण यह मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। और सभी अपने-अपने आंकलन के अनुसार अपनी बात को रख रहे हैं।
यही हाल पार्षद प्रत्याशियों का है और लोग अपने-अपने चहेते उम्मीदवार को पार्षद बना रहे हैं। यहां यह बताना भी जरूरी है कि इस बार भाजपा ने पुराने खिलाडिय़ों पर दाव खेला है जबकि कांग्रेस ने युवा और एक्टिव उमीदवारों को अपना प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में इस बार कांग्रेस की मेयर और कांग्रेस के पार्षद अधिक आने के कयास लगाए जा रहे हैं।
उधर पहली बार नगरीय निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी की आमद से भी इस बार परिषद में कुछ ऐसे चेहरे आने की संभावना बन रही है जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी।