ऊर्जा मंत्री के शहर में 13 घंटे से बिजली गुल, गर्मी से बेहाल लोग

Jul 11 2022

ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के शहर ग्वालियर में पॉश कालोनियों में 13 घंटे से बिजली गुल है। सिटी सेंटर के अनुपम नगर एक्सटेंशन-2, पंचशील सोसायटी सहित कई इलाकों में लोगों की रात आंखों में कटी है। लोग इस उमस भरी गर्मी में पसीने से तरबतर होते रहे हैं। लोग बिजली कंपनी के दफ्तर के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जनता परेशान है, वहीं जिम्मेदार अफसर या तो फोन ही नहीं उठा रहे हैं और उठा भी रहे हैं तो क्रेन की व्यवस्था करने का बहाना बना रहे हैं।
सिटी सेंटर का शुमार शहर की पॉश कालोनियों में होता है। इस इलाके से सरकार को सबसे अधिक टैक्स तो मिलता ही है साथ ही यहां से बिजली बिल की भी लगभग शत प्रतिशत वसूली होती है। इसके बाद भी यहां की जनता को घंटों बिजली समस्या झेलना पड़ती है। बीते रोज हुई मामूली बारिश के बाद रात में सिटी सेंटर के अनुपम नगर एक्सटेंशन-2, पंचशील सोसायटी सहित कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। लोगों ने बिजली कंपनी के दफ्तर में फोन लगाया तो बताया गया कि फॉल्ट है कुछ देर में सही हो रहा है। पूरी रात कर्मचारी यही बहाना बनाते रहे, लेकिन बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हुई। लोग रात भर पसीने से तरबतर होते रहे। लोगों को उम्मीद थी कि चलो रात में न सही सुबह तो बिजली आ जाएगी, लेकिन जब सोमवार को सुबह तक भी बिजली सप्लाई शुरू नहीं हुई तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने जब फोन लगाने शुरू किए तो सिटी सेंटर जोन के एई अरुण कुमार शर्मा और डीजीएम नीतिन मांगलिक ने फोन उठाना ही बंद कर दिया।
 जिन लोगों के फोन इन जिम्मेदारों ने उठाए भी तो उनको रात से यही बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर में खराबी आई है। उसकी रिपेयरिंग के लिए क्रेन की व्यवस्था की जा रही है।
बिजली कंपनी साल भर मेंटेनेंस के नाम पर बिजली कटौती करती है। इसके बाद भी मानसून सीजन में मामूली बारिश होते ही पूरे मेंटेनेंस की पोल खुल जाती है और लोगों को घंटे बिजली समस्या का सामना करना पड़ता है।