शिवराज सिंह चौहान ने मुरार सर्किट हाउस में रोपे महोगनी के पौधे

Jul 11 2022

ग्वालियर। मुरैना में निकाय चुनाव में रोड शो और सभाएं करके सड़क मार्ग से रविवार देर रात को ग्वालियर लौटे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल नहीं रवाना हो सके। उन्हें रात में ग्वालियर ही रुकना पड़ गया। उनके साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा भी थे। रात में मुख्यमंत्री के विमान को एटीसी क्लियरेंस नहीं मिली, इस कारण नेताद्वय ने मुरार स्थित सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम किया। मुख्यमंत्री रात करीब साढ़े 11 बजे ग्वालियर पहुंचे थे। प्रशासन के अनुसार सुबह सात बजे मुख्यमंत्री भोपाल के लिए विमान से रवाना हो गए। विमानतल पर मुख्यमंत्री की आगवानी सांसद विवेक नारायण शेजवलकर व जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी के साथ प्रमुख नेताओं के साथ की। विमानतल पर प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे।
 सुबह ग्वालियर से रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने नगरीय निकाय चुनाव में जीत का दावा किया है। वह बोले हैं कि योजना केन्द्र और राज्य बनाते हैं, लेकिन योजना का लाभ आम लोगों तक या कहें शहर के लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी नगर सरकार की होती है। इसलिए नगर सरकार भाजपा की होगी तो केन्द्र और राज्य की सभी योजनाओं का लाभ लोगों को मिल सकेगा। इसके बाद वह रवाना हो गए हैं। रवाना होने से पूर्व उन्होंने ग्वालियर में पौधा रोपण भी किया है। साथ ही सभी से अपील की है कि वह अपने जन्मदिन पर एक पौधा अवश्य लगाएं।
ग्वालियर में मुख्यमंत्री ने किया भाजपा की नगर सरकार का दावा
ग्वालियर में सीएम शिवराज सिंह ने दावा किया है कि भाजपा नगर सरकार बना रही है। उनका है कि योजनाएं केन्द्र बनाती है या फिर राज्य सरकार बनाती है, लेकिन शहर का विकास और कल्याण नगर सरकार पर निर्भर करता है। क्योंकि नगर सरकार ही इन योजनाओं को सही तरीके से क्रियांवयन कर सकती है। इसलिए नगर सरकार भाजपा की चुनिए।
 भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के उस बयान का समर्थन किया जिसमें उन्होंने कमल नाथ को नॉनसेंस पॉलीटिशियन या नॉनसेंस पार्टी जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर उन पर निशाना साधा था। विष्णु दत्त शर्मा ने कमल नाथ के नगरीय निकाय चुनावों में मतदान न करने पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति लोकतंत्र के पर्व में हिस्सा नहीं लेता उसे जनता से वोट मांगने का भी अधिकार नहीं है। कमलनाथ नगरीय निकाय चुनावों को बेहद छोटा समझते हैं, जबकि भाजपा के लिए कोई चुनाव छोटा या बड़ा नहीं है। मुरैना में पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के भाजपा में गुटबाजी को लेकर दिए गए बयान पर प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने जयवर्धन सिंह को जवाब देते हुए कहा कहा कि वे पहले अपना घर संभाले।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर प्रवास के दौरान मुरार सर्किट हाउस में पौधारोपण किया। उन्होंने महोगनी के पौधे रोपे। इस अवसर पर सांसद बीडी शर्मा व विवेक नारायण शेजवलकर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पौधरोपण के दौरान कहा कि हम सभी को इस बरसात में अधिक से अधिक पौधारोपण करना है, जिससे हमारा ग्वालियर हरा भरा शहर बना रहे। मोहगनी पेड़ की लकड़ी से पानी के जहाज, नाव, फर्नीचर, सजावटी सामान आदि बनाये जाते हैं। साथ ही इस पेड़ की पत्तियाँ कैंसर, डायबिटीज, हाइपर टेंशन, जैसी बीमारियों के इलाज में उपयोगी हैं। इस पेड़ से निकलने वाले तेल से मच्छर नहीं पनपते हैं। मोहगनी का पौधा 12 साल में पूरा परिपक्व हो जाता है। पंजाब में किसानों ने इन्ही पेडो को रोजगार का जरिया बना लिया है। नगर निगम ने 1500 पौधे मंगवाए हैं, जिन्हें सभी जगह रोपा जाएगा।
एयरपोर्ट पर छत से पानी टपकने का वीडियो बहुप्रसारित
एयरपोर्ट पर रविवार को हुई वर्षा के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह स्थिति बताने वाला एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हुआ। वर्षा के चलते भवन में कई स्थानों से पानी टपक रहा था, वहीं दूसरी ओर फर्श पर पानी गिरने के चलते यात्रियों को परेशानी हुई। आने वाले यात्री खुद को टपकते पानी से बचाने की कोशिश करते नजर आए और इस व्यवस्था पर नाराज दिखे। इस संबंध में एयरपोर्ट के डायरेक्टर अजय श्रीवास्तव को संपर्क किया और मैसेज भी दिया, लेकिन उनका जवाब नहीं आया। वहीं नवीन एयरपोर्ट परिसर की बाउंड्रीवाल गिरने के मामले में जांच जारी है। जलभराव के कारण यह बाउंड्रीवाल गिरना बताई गई थी, जिसका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हुआ था। इस मामले में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्रवाई के लिए भी कहा है।