सुबह तेज धूप निकली, दोपहर में जोरदार वर्षा, उमस से मिली राहत

Jul 10 2022

ग्वालियर। मानसून ट्रफ लाइन शनिवार को ग्वालियर के ऊपर आ गई। इसके असर से रविवार को शहर का मौसम बदल गया। सुबह तेज धूप खिली, लेकिन दोपहर में झमाझम बारिश ने शहर को तरबतर कर दिया। करीब एक घंटे की बारिश ने शहर की सड़कों को लबालब कर दिया। इस वर्षा से शहरवासियों को उमस से राहत मिल गई है।
शनिवार को सुबह से बादल छाए रहे, लेकिन वर्षा नहीं हुई। जिससे शहरवासियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। रविवार को भी सुबह से ही मौसम के तीखे तेवर रहे हैं। तेज धूप और उमस के कारण लोग पसीने से तरबतर होते रहे। हालत यह थी कि पंखे कूलर के बावजूद लोगों को पसीना आ रहा था। दोपहर 1 बजे बाद अचानक मौसम बदलना शुरू हो गया। दोपहर डेढ़ बजे से खंड वर्षा हुई, लेकिन दोपहर दो बजे से पूरे शहर में झमाझम वर्षा शुरू हो गई। बादलों की तेज गडग़ड़ाहट के साथ ही वर्षा होने लगी। जिससे लोगों को दोपहर बाद उमस भरी गर्मी से राहत मिल गई।
शहर में तेज वर्षा का दौर हालांकि करीब एक घंटे तक ही चला था, इसके बाद रिमझिम फुहारें शुरू हो गई। लोगों ने भी इस वर्षा का जमकर आनंद लिया। बच्चे भी इस वर्षा में खूब नहाए।
13 जुलाई से झमाझम बारिश की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में नया कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। यह काफी मजबूत सिस्टम है, जो शहर को गर्मी से राहत दिला सकता है।