जयकारों के साथ भगवान जगन्नाथ नगर भ्रमण पर निकले

Jul 10 2022

ग्वालियर। चेंबर ऑफ कॉमर्स परिसर में रविवार दोपहर में भक्तों का तांता लगा था। भजन-कीर्तन के साथ भक्त भगवान जगन्नाथ की पूजा अर्चना में तल्लीन थे। बादल छाए रहने से तपिश से राहत रही, इसलिए भक्तों की भीड़ बढ़ती गई। अचलेश्वर महादेव मंदिर पर भी भक्तों ने पूजा- अर्चना की। भक्तिभाव का यह विशेष अवसर भगवान जगन्नाथ जी की यात्रा के लिये था।
बहन सुभद्रा व भ्राता बलदाऊ के साथ भगवान जगन्नाथ रथ में सवार हुए। हजारों हाथ रस्सी खींचने को आतुर थे। रथयात्रा के प्रारंभ स्थल की ओर श्रद्धालुओं के कदम चल निकले। इस्कॉन मध्यप्रदेश जोनल के सचिव प्राणेश्वर प्रभु ने बताया कि यह रथयात्रा 180 जिलों में निकाली जाएगी। इसमें मप्र के कई जिले शामिल हैं। सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए इस बार भव्य आयोजन किया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय कृष्णा भावनामृत (इस्कॉन) के तत्वावधान में भव्य जगन्नाथ यात्रा महामहोत्सव-2022 के तहत श्री जगन्नाथ यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा दोपहर एक बजे अचलेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित चेंबर ऑफ कॉमर्स से प्रारंभ हुई। आयोजन समिति के संयोजक देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर रामू इसका नेतृत्व ने किया। मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पूजा अर्चना में भाग लिया। इस्कॉन मध्यप्रदेश जोनल के सचिव प्राणेश्वर प्रभु तथा महामन प्रभु सहित अन्य संतजन भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के लिए विग्रह पूजा व विशेष पूजन में शामिल रहे। 
यात्रा चेंबर ऑफ कॉमर्स से प्रारंभ होकर इंदरगंज, दालबाजार, नया बाजार, लोहिया बाजार, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, नई सड़क, हनुमान चौराहा होते हुए छत्री मंडी के लिये निकली। रास्तेभर धर्मप्रेमी जनता ने रथयात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत किया और भगवान के दर्शन किये।