फिर बिगडऩे लगा शहर का ट्रैफिक, चौराहों से पुलिस गायब

Jul 08 2022

ग्वालियर। शहर का ट्रैफिक फिर बिगडऩे लगा है। इसकी बड़ी वजह है- चौराहों से ट्रैफिक पुलिस गायब है। अभी तक मतदान के चलते पुलिस व्यस्त थी, मतदान संपन्न होने के बाद जिन चौराहों पर पुलिस पहुंची है, वहां चालान काटने में व्यस्त है। क्योंकि इस माह चालानी कार्रर्वा बहुत कम हुई है। इसके चलते शहर में ट्रैफिक फिर बदहाल होने लगा है।
कंपू इलाके में कस्तूरबा तिराहे से लेकर ईदगाह तिराहे तक टेंपो, आटो और सवारी वाहन ट्रैफिक बिगाड़ रहे हैं। यहां आधी से ज्यादा सड़क सवारी वाहनों घेर रखी है, इससे यहां ट्रैफिक बिगड़ रहा है। बिना स्टापेज के भी सवारी वाहन अपनी मर्जी से गाडिय़ां लगा रहे हैं। सुबह 10 बजे से रात तक यह स्थिति रहती है। सुबह 10 से दोपहर 2 और शाम को 5 से 7 बजे तक सबसे ज्यादा हालात बिगड़ रहे हैं।
शहर के बाहर से वीडियोकोच बसें संंचालित होनी थी। तय हुआ था कि झांसी रोड स्थित बस स्टैंड से ही वीडियोकोच बसें संचालित होंगी, लेकिन अब फिर से बसें शहर के अंदर से चलने लगी हैं। बसों की वजह से कंपू, राक्सी पुल, हुजरात पुल, छप्परवाला पुल पर सबसे ज्यादा ट्रैफिक बाधित होता है। दिनभर बसों पर लोडिंग, अनलोडिंग चलती है, जिसके कारण जाम लग रहा है।
माधोगंज चौराहे पर भी सवारी वाहन सबसे बड़ी परेशानी की वजह है। पूरे चौराहे पर सवारी वाहन खड़े रहते हैं। माधोगंज चौराहे से हेम सिंह की परेड की ओर जाने वाले वाहन परेशानी बन रहे हैं। सामने ही माधोगंज थाने का फोर्स तैनात रहता है, लेकिन इन्हें व्यवस्थित नहीं किया जाता।
गांधी गुलंबर पर सवारी वाहन और बाड़े से हटाए गए कुछ हाकर्स दिनभर खड़े रहते हैं। इससे यहां जाम की स्थिति बन रही है। सामने ही जनकगंज थाने की चौकी है, लेकिन स्टाफ कार्रवाई नहीं करता।