कल्ला राठौर पर कालेज संचालक ने 51 हजार का इनाम घोषित किया

Jul 04 2022

ग्वालियर। 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या कर भागे आरोपी कल्लू राठौर की लोकेशन पंजाब और हरियाणा में भी मिली है। इसके चलते यहां की पुलिस से भी ग्वालियर पुलिस मदद ले रही है। क्रइम ब्रांच की दो टीम यहां तलाश कर रही हैं। उधर आरोपी की गिरफ्तारी न होने की वजह से अब शहरवासियों में गुस्सा बढ़ रहा है। शहर के एक कालेज संचालक ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 51 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
कालेज संचालक का ट्वीट इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हुआ। 26 जून को हजीरा स्थित शिवनगर की रहने वाली नौ वर्षीय बालिका लापता हो गई थी। उसे कल्लू राठौर आइसक्रीम दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। दो दिन बाद बच्ची की लाश शताब्दीपुरम ओवरब्रिज के नीचे झाडिय़ों में मिली थी। बच्ची के साथ कल्लू ने पहले दुष्कर्म किया, फिर उसकी हत्या कर दी। 26 जून को ही वह फरार हो गया था। जब उसकी तलाश शुरू की गई तो पहले वह शर्मा फार्म फिर मुरैना में दिखा। 
उसके आगरा होते हुए हाथरस की तरफ भागने की जानकारी पुलिस को मिली थी। अलीगढ़ में उसके रिश्तेदारों के यहां तलाशा लेकिन वह नहीं मिला। सात टीम उसकी तलाश में लगाई गई हैं। 26 जून के बाद उसने अपना मोबाइल चालू नहीं किया। हाल ही में उसके पंजाब और हरियाणा में देखे जाने की सूचना मिली थी। पंजाब में उसके कुछ नशे के तस्करों से संबंध हैं, अब पुलिस इन तक पहुंचने के लिए पंजाब पुलिस की भी मदद ले रही है। आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम ग्वालियर जोन के आइजी डी.श्रीनिवास वर्मा ने घोषित किया है। कालेज के चेयरमैन अमित जैन ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 51 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। अमित ने अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया है।