छटंकू भैया ने सोशल-मीडिया पर मचाया धमाल- शराब चाहिए तो फोन कर लेना, वोट प्रकाश चाचाजी को देना

Jul 01 2022

ग्वालियर। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर सोशल मीडिया पर एक युवक के पोस्ट ने धमाल मचा दिया है। युवक ने छटंकू भैया लोधी नाम से बनी अपनी फेसबुक आईडी से कई आपत्ति जनक पोस्ट किए हैं। पोस्ट में वह अपने चहेते वार्ड 28 के प्रत्याशी प्रकाश को वोट डालने की मांग कर रहा है और वोटर्स को शराब का प्रलोभन दे रहा है।
लिखता है जिसे आईबी (शराब) चाहिए तो वो शाम 5 बजे के बाद इस नंबर पर कॉल करे। इतना ही नहीं एक पोस्ट में लिखा है कि दुश्मन की पोस्ट को वह क्रॉस करके एफबी पर डालेगा। उसी दिन गेम बज जाएगा। जब यह पोस्ट पुलिस अफसरों के सामने आई तो उन्होंने तत्काल इस पर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है।
शहर में सोशल मीडिया (फेसबुक) पर कुछ पोस्ट सामने आए हैं जो काफी आपत्तिजनक हैं। इसमें नगरीय निकाय चुनाव को लेकर थाटीपुर के गल्ला कोठार (वार्ड-28) निवासी छटंकू भैया लोधी ने एक निर्दलीय प्रत्याशी प्रकाश टेलर के समर्थन में पोस्ट किए हैं। छटंकू भैया लोधी के नाम से बनी फेसबुक आईडी पर लिखा है। अब की बार वार्ड-28 से प्रकाश टेलर चाचा जी को वोट दें। अगले पोस्ट में लिखता है कि अगर किसी को आईबी (इम्पीरियल ब्लू) शराब की बोतल चाहिए तो शाम के 5 बजे के बाद इस नंबर पर उससे संपर्क कर ले। पोस्ट के नीचे एक मोबाइल नंबर भी दिया गया है। अगले पोस्ट में लिखा है कि छटंकू भैया लोधी के सामने दूसरे बदमाश चिरकुट है और वह उसके सामने हमेशा चिरकुट रहेंगे। अगर किसी में दम है तो वह उसके सामने आ जाए। इसके बाद आखिरी पोस्ट में साफ लिखा है कि वह जिस दुश्मन को क्रॉस करके एफबी पर पोस्ट करेगा, उसी दिन उसका गेम बज जाएगा। चुनावी माहौल में इस पोस्ट के डलने के बाद लोगों में हड़कंप मच गया है। जब यहा पोस्ट पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचा तो उस पोस्ट को लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
एएसपी क्राइम राजेश डंडौतिया ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक युवक का पोस्ट जमकर वायरल हो रहा है। यह छटंकू भैया लोधी के नाम से पोस्ट है। जिसमें वह अपने चहेते वार्ड 28 के प्रत्याशी को वोट डालने की मांग कर रहा है। वोटर्स को शराब का प्रलोभन दे रहा है। मामले की जांच शुरू कर दी है। जल्द आरोपी पर एक्शन लिया जाएगा।