रास्ता भटका मासूम परिजनों को सौंपा

Jun 30 2022

ग्वालियर। खेलते-खेलते एक मासूम रास्ता भटककर अपने घर से करीब दो किलोमीटर दूर जा पहुंचा। अपरिचित जगह पर जाकर बालक रोने लगा जिसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी। घटना बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के फोर्ट व्यू कॉलोनी की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बालक को लेकर एक-एक घर में तलाश की, तब कहीं एक घंटे की मशक्कत के बाद बालक के परिजन मिले और बालक उनके सुपुर्द किया। बहोड़ापुर थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक चार साल का बालक मिला है और वह कोई जानकारी नहीं दे पा रहा है। इसका पता चलते ही एफआरवी 24 पर पदस्थ आरक्षक राघवेंद्र तोमर, विजय शाक्य, पायलट मोनू परिहार को बालक के परिजनों की तलाश के निर्देश दिए। जिस पर एफआरवी ने एक घंटे की मशक्कत के बाद बालक के पिता को तलाशा और बालक उनके सुपुर्द किया।