जेयू में संगीत नृत्य समारोह, कथक से किया वर्षा ऋतु का स्वागत

Jun 29 2022

ग्वालियर। स्वर म्यूजिकल फाउंडेशन के स्थापना दिवस पर जेयू के गालव सभागार में संगीत नृत्य कार्यक्रम रखा गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संत कृपाल सिंह थे व अध्यक्षता डा. जयवीर भारद्वाज ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डा. सुनील शर्मा मौजूद थे। संत कृपाल सिंह  ने कहा कि ग्वालियर में संगीत की अनमोल विरासत है। इसे सहेजने और विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास होने चाहिए। नए कलाकारों को अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए मंच मिलना चाहिए।
संगीत नृत्य समारोह का शुभारंभ कथक गुरु डा. अंजना झा ने किया। उन्होंने अपने शिष्यों के साथ भी मंच संभाला। डा. झा ने जयपुर घराने की पारंपरिक बंदिशों पर प्रस्तुती दी। इसमें उन्होंने जयपुर घराने की थाट, आमद, तोड़े-टुकड़े, परन आदि प्रस्तुत किए। इसी क्रम में अजीत कश्यप, विवेक जैन, सनी गोल्या, रोहित कुमार सविता एवं पीयूष झा ने शिव पंचाक्षर की प्रस्तुती दी। एक बार फिर से डा. अंजना झा ने अभिनय पक्ष में खयाल बंदिश पर आधारित बरखा ऋतु आई, ऋतु आई प्रस्तुती देकर मानसून की दस्तक का अहसास कराया। अंशिका चौहान ने गजल व मीरा वैष्णव ने भजन प्रस्तुत किया। अंत में पं राजेंद्र गंगानी द्वारा रचित त्रिवट (रसराज गावत) पर कलाकारों ने प्रस्तुती देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।