मासूम से दरिंदगी दिखाने वाले कल्ला पर 25 हजार का इनाम

Jun 29 2022

ग्वालियर। 9 साल की मासूम से दुष्कर्म कर फरार हुए संदेही कल्ला पर पुलिस ने इनाम 10 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपए कर दिया है। उसकी सूचना देने वाले को यह इनाम दिया जाएगा। संदेही कल्ला की तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। दो पार्टी यूपी के लिए रवाना की गई हैं। पूरे शहर के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं, जिससे संदेही के भागने का रूट पता चल सके। पुलिस का दावा है कि जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
हजीरा स्थित यादव धर्मकांटा निवासी 9 वर्षीय प्रीति (बदला हुआ नाम) छात्रा थी। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। 26 जून दोपहर बच्ची घर के पास स्कूल के बाहर अपने 12 वर्षीय भाई के साथ खेल रही थी। जब उसका भाई अकेला घर लौटा तो परिजन ने बच्ची के बारे में पूछा तो भाई ने बताया कि बहन को बाबा कल्ला उर्फ कल्लू राठौर (बच्ची के पिता के मामा) आइसक्रीम दिलाने ले गए थे, लेकिन इसके बाद मासूम घर ही नहीं लौटी। जब काफी देर तक उसका कुछ पता नहीं चला तो परिजन ने अपने स्तर पर तलाश की। जब कल्ला के घर पहुंचे तो उसने बताया कि आइसक्रीम और चॉकलेट लेकर वह चली गई थी। परिजन इसके बाद हजीरा थाने पहुंचे और मामले की शिकायत की। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अभी पुलिस बच्ची को तलाश ही रही थी कि तभी मंगलवार सुबह मासूम की नग्न लाश घर से कुछ ही दूरी पर यादव धर्मकांटा नए ब्रिज के पास झाडिय़ों में पड़ी मिली है। मासूम जिस तरह से मिली है साफ था कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया है और उसके बाद उसकी पत्थर से मुंह कुचलकर हत्या की गई है। लाश के पास ही खून सना पत्थर भी मिला है।
जब लापता की पुलिस तलाश करते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही थी तो बच्ची को उसके ही पिता का मामा कल्ला राठौर हाथ पकड़कर ले जाता दिख रहा है। घटना के बाद से वह फरार है। पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया है। फिलहाल वह पकड़ में नहीं आया है, लेकिन उसके फरार होने से साफ है कि उसने ही दुष्कर्म की हत्या की है।
इस मामले में थाना प्रभारी मनीष धाकड़ ने बताया कि पुलिस की अलग-अलग टीम संदेही की तलाश में दबिश दे रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।