ग्वालियर स्टेशन पर बम की खबर, स्टेशन कराया खाली डायल-100 पर आया कॉल स्टेशन पर बम है, कोई संदिग्ध वस्तू नहीं मिली

Jun 27 2022

ग्वालियर। ग्वालियर स्टेशन पर अचानक बम होने की सूचना डायल-100 पर मिलते ही पूरा प्रशासन-पुलिस हरकत में आ गए। एसएसपी ग्वालियर नाश्ता छोड़कर सीधे स्टेशन पहुंचे। बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) को भी बुला लिया गया। पुलिस ने सबसे पहले प्लेटफार्म नंबर एक, दो व तीन को खाली कराया है। साथ ही यहां डस्टबिन से लेकर बेंच, स्टॉल, वेटिंग हॉल तक सर्चिंग शुरू कर दी। अचानक स्टेशन पर इतनी संख्या में पुलिस बल और बीडीएस की टीम को देखकर यात्री भी दहशत में आ गए। कुछ को लगा कि अग्निपथ को लेकर फिर कोई हंगामा हुआ है, लेकिन बाद में पुलिस कर्मियों ने बताया कि बम मिलने की सूचना मिली है। बीडीएस की टीम लगातार सर्चिंग की तो 12 बजे तक बम नहीं मिला था। न ही कोई संदिग्ध सामान या पैकेट अभी तक नजर में आया है।
10.40 बजे आया कॉल, हिल कई पुलिस-प्रशासन
सोमवार सुबह पुलिस अफसर अपने रूटीन पुलिसिंग में व्यस्त थे। तभी डायल-100 पर आए एक कॉल ने पैरो तले जमीन खिसका दी। डायल-100 पर कॉल करने वाले ने स्टेशन पर बम होने और कुछ ही देर में ब्लास्ट होने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस और कुछ पूछती सूचना देने वाले ने कॉल कट कर मोबाइल बंद कर लिया। पर सूचना को पुलिस हल्के में नहीं ले सकती थी। पुलिस ने तत्काल स्टेशन के लिए टीमों को रवाना कर दिया। खुद जिले के एसएसपी अमित सांघी नाश्ता अधूरा छोड़कर मौके पर पहुंच गए। प्रशासन से भी एडीएम व एसडीएम वहां आ गए। तत्काल बीडीएस की टीम ने छानबीन शुरू कर दी। कोई अफरा-तरफरी न फैले इसके लिए सबसे पहले स्टेशन और वेटिंग हॉल को खाली कराया गया। यात्रियों को बताया गया कि तत्काल स्टेशन से बाहर निकल जाए। इस तरह स्टेशन खाली कराने पर यात्री भीदहशत में आ गए।
बीडीएस ने तलाशी एक-एक चीज
बीडीएस के दस्ते ने अपने स्निफर डॉग, मेटल डिटेक्टर के जरिए सर्चिंग शुरू की। पूरे स्टेशन परिसर पर पुलिस ने सर्चिंग की है। सबसे पहले एक नंबर स्टेशन पर सर्चिंग की गई फिर दो नंबर प्लेटफार्म और तीन नंबर भी पुलिस की टीमें पहुंची और पूरे स्टेशन को अपनी निगरानी में लिया है। पुलिस की सर्चिंग में दोपहर 12 बजे तक कुछ भी नहीं मिला था। जबकि पुलिस के बीडीएस दस्ते ने हर सामान को बारीकी से स्कैन किया है।
ट्रेनों को भी दो व तीन प्लेटफार्म पर भेजा 
बम की सूचना मिलने के बाद स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक को सुरक्षा बलों ने खाली करा लिया। स्टेशन प्रबंधन ने भी प्लेटफार्म नंबर एक पर आने वाली सभी ट्रेनों को डायवर्ट कर प्लेट फार्म नंबर 2, 3 पर खड़ी कराया और वहीं से आगे के लिए रवाना किया। साथ ही डॉग स्क्वायड, बम डिस्पेजल स्क्वायड सहित अन्य सुरक्षा कर्मी भी स्टेशन पर तलाशी कर रहे थे।
पहले थी मॉकड्रिल की सूचना
हालांकि भारी संख्या में सुरक्षा बलों के स्टेशन पर पहुंचने पर लोगों ने कयास लगाए कि यह मॉकड्रिल भी हो सकती है। लेकिन इस संबंध में एसएसपी अमित सांघी ने स्पष्ट कर दिया। यह कोई मॉकड्रिल नहीं है। क्योंकि किसी ने पुलिस के डायल 100 नंबर पर फोन करके बम होने की सूचना दी थी। हालांकि फोन करने वाले की भी जांच की जा रही है। लेकिन इससे पहले रेलवे स्टेशन पर भी सर्चिंग की जा रही है।
जब पुलिस ने यात्रियों को बिना कुछ बताए बाहर निकाला तो वह भी घबरा गए। अचानक इस तरह स्टेशन से बाहर करने पर वहां अफरा-तफरी के साथ दहशत फैल गई। लोगों को लगा कि अग्निपथ का हंगामा हुआ है। इसलिए स्टेशन खाली कराया जा रहा है, लेकिन बाद में पुलिस ने बताया कि बम मिलने की खबर है। दोपहर बाद तक पुलिस छानबीन करती रही।
एसएसपी ग्वालियर अमित सांघी का कहना है कि डायल-100 पर कॉल आया था। जिसमें स्टेशन पर बम होने की खबर दी गई थी। कॉल को गंभीरता से लेते हुए सर्चिंग जारी है। अभी तक कोई संदिग्ध वस्तू नहीं मिली है।