गड्ढ़े से निकाल रहे थे शराब, पुलिस को देख भागे

Jun 25 2022

ग्वालियर। अवैध शराब खपाने के लिए लेकर जा रहे दो तस्करों को पुलिस व क्राइम ब्रांच ने घेर लिया। पुलिस व क्राइम ब्रांच को देखकर तस्कर भाग निकले। घटना मुरार थाना क्षेत्र के बड़ागांव की है। पुलिस ने मौके से 17 पेटी देशी व अंग्रेजी शराब के साथ ही बीयर जब्त की है। पुलिस ने भागने वाले तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। 
एएसपी क्राइम राजेश डंडोतिया ने बताया कि सूचना मिली थी कि बड़ागांव हाइवे के पास दो तस्कर शराब की खेप लेकर आई है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच टीआई संतोष सिंह यादव, मुरार थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव को क्राइम ब्रांच व मुरार थाना पुलिस की दो टीमें बनाकर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। पुलिस व क्राइम ब्रांच को देखते ही दो युवक भाग निकले। 
तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए शराब की खेप कच्ची जगह में गड्ढ़ा खोदकर दबाई हुई थी। पुलिस ने मौके से देशी व अंग्रेजी शराब की सत्रह पेटियों के साथ ही बीयर भी बरामद की है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी क्राईम ब्रांच डॉक्टर संतोष यादव, थाना प्रभारी मुरार शैलेन्द्र भार्गव, एसआई नितिन छिल्लर, मुकुल यादव, एएसआई दिनेश तोमर, रणवीर सिंह, आरक्षक पवन झा, रोहित अहिरवार, गौरव पवार, योगेन्द्र गुर्जर व एफआरवी 18 की सराहनीय भूमिका रही। 
पुलिस अफसरों ने बताया कि शराब की खेप मनीष शर्मा और पवन यादव की है। क्योंकि जिस जगह पर शराब गड्ढे में दबाई गई है वह जमीन मनीष शर्मा की है और जब पुलिस ने कार्रवाई की तो मनीष व पवन भाग निकले। वहीं फरार तस्करों पर पूर्व में भी करीब डेढ़ दर्जन के लगभग मामले दर्ज है।