कपड़े-इलेक्ट्रिकल शोरूम में आग लगने से 30 लाख का नुकसान

Jun 25 2022

ग्वालियर। फालका बाजार राम मंदिर के सामने शनिवार को तड़के साढ़े चार बजे कपड़े और इलेक्ट्रिकल के शोरूम और गोदाम में आग भड़क गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने जब तेज लपटें देखीं तो कॉम्प्लेक्स के मालिक, पुलिस कन्ट्रोल रूम और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। थोड़ी ही देर में फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां दौड़ पड़ीं। चार घंटे की मशक्कत के बाद 15 गाड़ी पानी फेंककर व जेसीबी से दुकानों के शटर तोड़कर आग पर काबू पाया जा सका। पूरी बिल्डिंग कॉमर्शियल थी इसलिये कोई जनहानि तो नहीं हुई लेकिन कपड़े पूरे खाक हो गये और इलेक्ट्रिकल का कुछ सामान जल गया। कुछ फर्नीचर भी जला है। आगजनी में करीब 30 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है।
मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने तड़के साढ़े चार बजे दुकानों से धुआं उठता देखा। इसकी सूचना उन्होंने पास में रहने वाले स्टार लाइट के मालिक सुनील कोहली को दी। थोड़ी ही देर में वे मौके पर पहुंचे। उधर फायर ब्रिगेड व पुलिस अमला भी वहां पहुंच गया। आग की लपटें तेज होती जा रही थीं अंदर जाने का रास्ता नहीं था इसलिये निगम के फायर ब्रिगेड के नोडल अधिकारी श्रीकांत कांटे ने जेसीबी बुला लीं। दुकानों के शटर तोड़े गए तब जाकर पानी फायर शुरू हुआ। कपड़े का शोरूम और गोदाम होने से आग भड़कती जा रही थी। आखिर 15 गाडिय़ां पानी फायर करने के बाद सुबह 8 बजे आग पर काबू पाया जा सका।
राम मंदिर चौराहा पर सुनील कोहली की तीन मंजिला कॉमर्शियल बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर श्री कोहली की स्टार लाइट नाम से इलेक्ट्रिकल सामग्री की दुकान और ऊपर गोदाम है।
ग्राउंड फ्लोर पर किराएदार वीरेन्द्र शर्मा की वैशाली एम्पोरियम के नाम से बड़ा शोरूम था। दूसरी मंजिल पर एमके फर्नीचर का भी गोदाम था। आगजनी का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। 
शहर में आगजनी की कई बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं जिनमें जानमाल का भी नुकसान हुआ है। राम मंदिर के सामने हुई आगजनी की घटना में जनहानि इसलिए नहीं हुई क्योंकि यह कॉमर्शियल बिल्डिंग थी। पीछे आवास हैं लेकिन वहां तक आग नहीं भड़की। दूसरा कारण यह भी रहा कि फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां पहुंचने के लिए चौड़ी सड़कें थीं और मुख्य सड़क पर ही यह घटना हुई। यदि संकरी गली में घटना होती को जनहानि हो सकती थी।