जिला पंचायत ग्वालियर वोटिंग ग्वालियर में जिला पंचायत सदस्य चुनने सड़कों पर लोग

Jun 25 2022

ग्वालियर। ग्वालियर जिला पंचायत के 13 वार्ड के सदस्य चुनने के लिए मतदान शनिवार सुबह से शुरू हो गया है। मतदाता खुलकर बाहर निकल रहे हैं और वोट डाल रहे हैं। ग्वालियर जिला पंचायत का चुनाव हमेशा ही रोचक होता है। यहां से जीत के बाद ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा की दावेदारी का मौका बढ़ जाता है। इसलिए भी यह चुनाव भाजपा, कांग्रेस व अन्य दलों के नेताओं के लिए खास हो जाता है। जिला पंचायत सदस्य चुनने लोग सड़कों पर हैं। 
इन तीन वार्ड से ही बनेगा कोई अध्यक्ष
इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। ग्वालियर जिला पंचायत में 13 वार्ड हैं। इनमें से दो वार्ड नंबर 3 और 7 अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित हैं, जबकि वार्ड नंबर 9 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। इन तीन वार्ड में से जीती महिला ही अध्यक्ष के लिए दावेदार होगी।
ग्वालियर में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए घमासान काफी रोचक होता है। साल 2015 में भाजपा के दबंग नेता व ओबीसी वर्ग के चेहरे भुजबल सिंह यादव की पत्नी मनीषा भुजबल सिंह और कांग्रेस के कदावर नेता साहब सिंह गुर्जर के बीच सीधी फाइट हुई थी। इसमें 13 जिला पंचायत सदस्यों पर सारा दरोमदार था। आखिर में मनीषा भुजबल यादव ने बाजी मार ली थी। खबर तो यहां तक भी थी कि दोनों में से एक दल ने एक-एक सदस्य को वोट करने के बदले स्कॉर्पियो कार भेंट करने का ऑफर तक दिया था।
जिला पंचायत के वार्ड में यह है आरक्षण का गणित
जिला पंचायत सदस्य निर्वाचन क्षेत्र के आरक्षण की प्रक्रिया विधिवत होने के बाद जो तस्वीर सामने आई है, उसके अनुसार जिला पंचायत सदस्य वार्ड-1 अनारक्षित महिला के लिए, वार्ड-2 अन्य पिछड़ा वर्ग महिला, वार्ड-3 अनुसूचित जाति महिला, वार्ड-4 अनारक्षित महिला, वार्ड-5 अनारक्षित महिला, वार्ड-6 अनुसूचित जनजाति महिला, वार्ड-7 अनुसूचित जाति महिला, वार्ड-8 अनारक्षित, वार्ड-9 अनुसूचित जाति, वार्ड-10 अनारक्षित महिला, वार्ड-11 अनारक्षित, वार्ड-12 अन्य पिछड़ा वर्ग एवं वार्ड-13 अनारक्षित रहा है।
ग्वालियर की सबसे बड़ी और प्रमुख जनपद पंचायतों में से एक मुरार जनपद पंचायत में 60 ग्राम पंचायतों के सरपंचों और 25 जनपद सदस्यों के किस्मत का फैसला शनिवार को होने जा रहा है। सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया था। मुरार जनपद के करगंवा-धनेली, बेरजा, बिजौली, पारसेन गांव की पंचायत में सुबह यह हाल था कि मतदान केन्द्र पर दूर-दूर तक महिला और पुरुषों की लाइन लगी थी। इनमें महिलाओं को वोट ज्यादा थे।
महिलाओं में वोटिंग को लेकर ज्यादा उत्साह है
ग्वालियर की जनपद पंचायत मुरार में वोटिंग को लेकर पुरुषों पर महिलाओं का उत्साह भारी पड़ा है। 1 बजे तक 49.6 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। जिसमें महिलाओं का प्रतिशत 55.1 है तो वहीं पुरुषों का वोटिंग प्रतिशत 45.2 प्रतिशत है। महिलाओं ने अभी तक ज्यादा वोट डाले हैं।
90 साल की बुजुर्ग ने डाला वोट
पंचायत चुनाव का उत्साह अपने चरम पर है। सुबह से मतदान केन्द्रों पर भीड़ लगी है। करगंवा में 90 साल की महिला ने वोट डाला है। वह चलने में असमर्थ थीं तो उनका पोता उनको लेकर आया था। इससे पता चलता है कि 8 साल बाद हो रहे पंचायत चुनाव को लेकर लोगों में कितना उत्साह है।
घाटीगांव में पंचायत सरकार चुनने उत्साह में वोटर्स
ग्वालियर की चार जनपद में से घाटीगांव जनपद ऐसी जनपद है जहां डकैत प्रभावित इलाका भी है। इस इलाके की कई पंचायतों पर मुरैना से आने वाले खूंखार डकैत गुड्डा गुर्जर का साया है। इसके बाद भी लोग शनिवार सुबह से ही अपने पंच, सरपंच, जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्यों की तकदीर बनाने निकल पड़े हैं। सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है जो दोपहर 3 बजे तक चला। घाटीगांव में कई जगह मतदाताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
यहां मतदान केन्द्र के बाहर मैदान में दूर तक लाइन लगी दिखाई दी। सुबह से लेकर दोपहर तक तेजी से मतदान हुआ है। इनमें महिलाओं का प्रतिशत पुरुषों से कहीं ज्यादा है। जहां 45.2 प्रतिशत पुरुषों ने वोट डाले हैं तो महिलाओं ने 54.8 फीसदी वोट डाले हैं। महिलाओं में वोटिंग को लेकर ज्यादा उत्साह है।
एसएसपी ने खुद किया निरीक्षण
ग्वालियर में सुबह-सुबह घाटीगांव, डबरा व भितरवार के लिए एसएसपी अमित सांघी खुद निरीक्षण पर निकले हैं। सबसे ज्यादा फोर्स यहीं लगाया गया है। सुबह तक सभी जगह हालात सामान्य रहे हैं कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
मतदान केन्द्र के 100 मीटर के दायरे में प्रवेश नहीं
पुलिस और प्रशासन ने मतदान केन्द्र के 100 मीटर के दायरे को पुलिस छावनी में बदल दिया था। मतदान केन्द्र के आसपास वोटर के अलावा किसी को भी आने जाने की इजाजत नहीं थी। प्रत्याशियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही थी। प्रशासनिक टीम लगातार सर्चिंग कर रही थी। पुलिस को साफ निर्देश हैं कि जरा भी कोई आचार संहिता का उल्लघंन करने का प्रयास करे तो तत्काल एक्शन लें।
कई पंचायत में वायरलेस सेट भी काम नहीं करता
इस जनपद की कई पंचायतें जैसे भंवरपुरा व आरोन के इलाके में पुलिस के वायरलेस सेट भी फेल हो जाता है। ऐसे में यहां जो पोलिंग बूथ बनाए गए हैं वहां से देर रात ही जानकारी बाहर आ सकेगी।
डबरा के करही में फर्जी वोटर पकड़ा
डबरा करीब 7 साल के अंतराल के बाद मप्र में पंचायत चुनाव हो रहे हैं। जिले के डबरा ब्लॉक में पंचायत चुनाव का मतदान चल रहा है। इस ब्लॉक की 68 ग्राम पंचायतों में 224 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। यहां पंच, सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्यों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। जिनमें महिलाओं का प्रतिशत पुरुषों से ज्यादा है। सीधे शब्दों में कहें तो महिलाओं में मतदान को लेकर उत्साह ज्यादा दिख रहा है।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश अनुसार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो चुका है, जो कि दोपहर 3 बजे तक चला। मतदान खत्म होने के बाद वोटों की गिनती भी मतदान केन्द्र पर किए जाने की तैयारी है। डबरा ब्लॉक में कुल 62 मतदान केंद्र संवेदनशील है।
कड़ी धूप में भी न हीं हो रहा उत्साह कम
ग्वालियर में शनिवार को पंचायत चुनाव के लिए मतदान है। जबकि सुबह से ही आसमान साफ है और तेज धूप है। करीब 40 डिग्री सेल्सियस तापमान और कड़ी धूप में लोगों का उत्साह कम होने का नाम नहीं ले रहा है। इस गर्मी में भी पंचायत सरकार चुनने लोग सड़कों पर हैं।
महिलाओं से सबसे ज्यादा डाले वोट
डबरा जनपद पंचायत ऐसी पंचायत हैं जहां पूरे ग्वालियर में सबसे ज्यादा महिलाओं से घरों से निकलकर वोटिंग की है। 
रातभर सूचनाओं पर दौड़ी पुलिस
गत शाम पांच बजे के बाद से पंचायत चुनाव में अवैध शराब, साड़ी और पैसे बांटे जाने की सूचनाओं पर पुलिस अफसर और जवान दौड़ते रहे, जिनमें अधिकतर सूचनाएं फर्जी मिली और एक या दो स्थानों पर सूचना की तस्दीक तो हुई, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे और ना ही कोई शिकायत करने के लिए सामने आया। 
घड़ी में ताबड़तोड़ फायरिंग
पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम घड़ी में बीती रात चुनावी रंजिश पर दो पक्षों में विवााद और फायरिंग हो गई और दोनों तरफ से ताबड़तोड़ गोलियां दागी गई। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस को देखते ही फायरिंग करने वाले अपने घरों में जा छिपे। फायरिंग के बाद तनाव और कोई घटना ना घटे इसे देखते हुए थाना प्रभारी सहित अतिरिक्त जवान वहां पर तैनात कर दिए गए, जिससे फायरिंग करने वाले फिर आमने-सामने आकर कोई घटना घटित ना कर दे। यहां पर भी किसी ने कोई शिकायत नहीं की है। 
पंचायत चुनावों का मतदान शुरू होने से पहले ही एसएसपी अमित सांघी ग्रामीण इलाके  में पहुंच गए और यहां पर तैनात पुलिस अफसरों को अपनी ड्यूटी पर चुस्त-दुरूस्त रहकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही डबरा-भितरवार सर्किल में एएसपी जयराज कुबेर, एसडीओपी भितरवार अभिनव बारंगे, एसडीओपी डबरा विवेक शर्मा, घाटीगांव सर्किल में एएसपी गजेन्द्र वर्धमान, एसडीओपी प्रमोद शाक्य, बेहट सर्किल में एएसपी राजेश डंडोतिया व एसडीओपी आकांक्षा जैन तैनात रहे।  
इशारों में अपने पक्ष में मतदान की अपील
पुलिस और प्रशासन द्वारा चौकस तैयारी के चलते मतदान केन्द्रों के आस-पास जमावड़ा होने से रोक दिया, लेकिन मतदान केन्द्र के रास्तों पर प्रत्याशी व उनके समर्थक तैनात थे और इशारों में ही अपने पक्ष में मतदान कराने की अपील करते नजर आए। वहीं मतदाता भी इशारों में ही उन्हें संतुष्ट करता नजर आ रहा था।